सुकमा पुलिस ने ओडिशा के मलकानगिरी से सुकमा आ रहे दो दोपहिया वाहनों से 25 किलो 450 ग्राम गांजा जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, गांजा दोनों वाहनों में रखे ट्रॉली बैग के अंदर 12 पैकेट में छिपाया गया था. जब्त गांजा, वाहनों और मोबाइल फोन की कुल कीमत 14 लाख 52 हजार 500 रुपये बताई गई है.

पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मिले नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है. गिरफ्तार युवक की पहचान मलकानगिरी जिले के कालीमेला थाना क्षेत्र के कुरकुंडी गांव निवासी रविन्द्र सोड़ी (19) के रूप में बताई गई है. नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को सूचना मिली थी कि दो लोग काले रंग की पल्सर बाइक और हल्के हरे रंग की स्कूटी से मलकानगिरी से सुकमा की ओर आ रहे हैं. इसके बाद सुकमा चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया और तलाशी ली गई.

पुलिस ने गांजे के साथ पल्सर बाइक, स्कूटी और वीवो व रियलमी के दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं. वाहनों के नंबर OD-30J-3459 और OD-30J-2346 बताए गए हैं. सुकमा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस गांजे के स्रोत और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.