सुकमा जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से एकता दौड़ आयोजित की गई. दौड़ गादीरास चौक से शुरू होकर मिनी स्टेडियम में समाप्त हुई. इसमें पुलिस जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने देश की एकता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया.

शाम को सुकमा के सारदा सिनेमा में बच्चों और आम लोगों के लिए परेड का बड़े पर्दे पर प्रसारण किया गया. जिले के थानों और सीआरपीएफ कैंपों में भी परेड दिखाई गई, जिससे अंदरूनी इलाकों में रहने वाले बच्चों और ग्रामीणों को राष्ट्रीय स्तर का आयोजन देखने का अवसर मिला.

सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन ने गोगुंडा हिल्स और आसपास के क्षेत्रों में भी एकता दौड़ कराई. इसमें जवानों के साथ ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने भाग लिया. इस दौरान बच्चों और ग्रामीणों को सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान तथा राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व की जानकारी दी गई.

बच्चों के लिए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता पर संवाद सत्र आयोजित किया गया. इसके बाद ग्रामीणों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जलपान भी दिया गया.