कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए नागपुर के विधायक विकास पांडुरंग ठाकरे शुक्रवार को सुकमा पहुंचे. जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इस दौरान जिला प्रभारी अवधेश गौतम और जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की जांच करेंगे. इस दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि किसी मतदाता का नाम सूची से क्यों हटाया गया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पहले अपना, अपने परिवार और मोहल्ले के लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जानकारी लेने को कहा.

उन्होंने कहा कि बूथ पर फर्जी मतदान न हो, इस पर भी कार्यकर्ता नजर रखेंगे. ठाकरे के मुताबिक बूथ से लेकर जिला स्तर तक के कांग्रेस पदाधिकारी मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशासन से जवाब मांगेंगे.

पांच जिलों के दौरे पर ठाकरे

विकास ठाकरे ने बताया कि वह सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत पांच जिलों के दौरे पर हैं. उन्होंने कहा कि छोटे जिलों में भी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए काम किया जा रहा है. उनके अनुसार, यह अभियान लोकतंत्र की सुरक्षा से जुड़ा है और कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के आह्वान पर एकजुट होकर काम कर रहे हैं.

इस दौरान ठाकरे ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश में अराजकता की बात करने वालों को इसकी जिम्मेदारी पर जवाब देना चाहिए. कांग्रेस विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी का संकल्प देश और लोकतंत्र को सुरक्षित रखना है.

कार्यक्रम में शेख सज्जर, वेको हुंगा, सोयम मगम्मा, सोयम जया, मोहम्मद हुसैन, रमेश राठी, मुर्तजा गुलाम और राजेश नारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे.