बिहार के सुपौल जिले में 21 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति संजीव साह को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पर अपनी पत्नी दामिनी देवी को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है. घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की सातनपट्टी पंचायत के लालमनपट्टी में सुपौल उपशाखा नहर के पास हुई.

पुलिस के मुताबिक, दामिनी और संजीव की पहचान करीब दो साल पहले Instagram के जरिए हुई थी. बातचीत के बाद दोनों के बीच संबंध बने और करीब नौ महीने पहले उन्होंने कोर्ट मैरिज की थी. पुलिस का कहना है कि शादी के बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा था.

तलाक को लेकर विवाद का दावा

एसडीपीओ वीरपुर पवन कुमार के अनुसार, संजीव तलाक लेना चाहता था, जबकि दामिनी इसके लिए तैयार नहीं थी. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने मुजफ्फरपुर में तलाक के लिए अर्जी दी थी, लेकिन दामिनी कागजों पर हस्ताक्षर नहीं कर रही थी. पुलिस इस दावे और घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम दामिनी भपटियाही चौक पहुंची थी. आरोप है कि संजीव ने उसे खाना खिलाने के बाद बाइक से एक सुनसान स्थान पर ले गया. पुलिस का दावा है कि उसने रास्ते में पेट्रोल खरीदा और बाद में लालमनपट्टी नहर के पास दामिनी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इसके बाद वह मौके से भाग गया.

गंभीर रूप से झुलसी दामिनी को सदर अस्पताल, सुपौल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई. पुलिस ने घटनास्थल से ज्वलनशील पदार्थ से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात कही है. आरोपी के पिता कीनू साह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. पुलिस पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.