सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि किसी व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की 24 घंटे की संवैधानिक समयसीमा हिरासत में लिए जाने के साथ ही शुरू हो जाती है. यह अवधि औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज किए जाने के समय से नहीं गिनी जाएगी.

जस्टिस उज्जल भुयां और जस्टिस अतुल एस चंद्रकुर की पीठ ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को 24 घंटे से अधिक समय तक हिरासत में नहीं रखा जा सकता. इस अवधि में मजिस्ट्रेट की अदालत तक पहुंचने में लगने वाला जरूरी यात्रा समय ही अलग रखा जा सकता है.

यह फैसला ‘सुजीत दास बनाम यूनियन ऑफ इंडिया’ मामले में आया. मामले में ड्रग तस्करी के आरोपी को 29 सितंबर 2025 की दोपहर हिरासत में लिया गया था, जबकि औपचारिक गिरफ्तारी 30 सितंबर को दर्ज दिखाई गई.

अदालत ने कहा कि जांच एजेंसी हिरासत और औपचारिक गिरफ्तारी के बीच अलग अवधि बनाकर 24 घंटे की संवैधानिक सीमा से बच नहीं सकती. सीमा से अधिक हिरासत पाए जाने पर व्यक्ति को तुरंत रिहा करना होगा.