नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने 1991-92 के एक पुराने लोन घोटाला मामले में अकेले जीवित बचे आरोपी बैंक अधिकारी को बरी कर दिया. अदालत ने मामले को कथित तौर पर गढ़ा हुआ बताते हुए यह भी पाया कि बैंक ने दो मृत आरोपियों की संपत्तियां नीलाम कर कर्ज से काफी अधिक रकम वसूल की, लेकिन बची हुई राशि उनके कानूनी वारिसों को नहीं लौटाई.
सुप्रीम कोर्ट की इस कार्रवाई के बाद दोनों मृत आरोपियों के परिजनों को करीब 3 करोड़ रुपये मिल सकते हैं. इस राशि पर 15 वर्षों का चक्रवृद्धि ब्याज जुड़ने से भुगतान और बढ़ सकता है, हालांकि अंतिम रकम बैंक के रिकॉर्ड और अदालत के आगे के निर्देशों के आधार पर तय होगी.
नीलामी से कर्ज से कई गुना अधिक रकम मिली
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ के सामने रखे गए रिकॉर्ड के अनुसार, बैंक ने 2010 में दो आरोपियों की गिरवी संपत्तियों की नीलामी की थी. पहली संपत्ति से 1.2 करोड़ रुपये मिले, जबकि संबंधित लोन खाते में कर्ज और ब्याज के रूप में केवल 16.4 लाख रुपये समायोजित किए गए.
दूसरे आरोपी की संपत्तियों की बिक्री से बैंक को 2.8 करोड़ रुपये मिले. इनमें से करीब 40 लाख रुपये लोन की देनदारी के लिए समायोजित किए गए. अदालत के अनुसार, दोनों मामलों में बैंक के पास कर्ज चुकाने के बाद बची अतिरिक्त रकम मौजूद रही, लेकिन उसे संबंधित कानूनी वारिसों तक पहुंचाने की कोशिश नहीं की गई.
मामला करीब 35 वर्षों तक लंबित रहा. मूल आरोप यह था कि बैंक के शाखा प्रबंधक ने 13.5 लाख रुपये और 10 लाख रुपये के लोन मंजूर किए और रकम खुद हड़प ली. एफआईआर दर्ज होने के बाद बैंक ने 2010 में वसूली की कार्रवाई शुरू की थी.
सुप्रीम कोर्ट ने बैंक से रिकॉर्ड मांगे
पीठ ने कहा कि 1991-92 में लिया गया लोन 2010 में संपत्तियों की नीलामी तक पहुंचा और बैंक को अपनी पूरी देनदारी मिल गई. अदालत ने इस बात पर हैरानी जताई कि नीलामी से मिली अतिरिक्त रकम अब भी बैंक के पास रहने के बावजूद कानूनी वारिसों का पता लगाने और उन्हें भुगतान करने का प्रयास नहीं किया गया.
सुप्रीम कोर्ट ने इंडियन बैंक की अन्ना नगर शाखा के प्रबंधक को नीलामी से मिली रकम के इस्तेमाल से जुड़े रिकॉर्ड पेश करने का निर्देश दिया है. अदालत ने गिरवी रखी गई संपत्तियों के टाइटल डीड भी मांगे हैं.
आपराधिक मामले का निपटारा करते हुए पीठ ने अतिरिक्त रकम को कानूनी वारिसों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की निगरानी के लिए सुनवाई जारी रखी है. मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को निर्धारित की गई है.
