सुप्रीम कोर्ट ने रिश्वत के करीब दो दशक पुराने मामले में एक सरकारी अधिकारी को बरी कर दिया. अदालत ने कहा कि शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ट्रैप की कार्रवाई शुरू करना संदेह पैदा कर सकता है. इन संदेहों की अनदेखी नहीं की जा सकती.

यह फैसला जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने सुनाया. मामला 2005 का था. आरोपी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर के पद पर तैनात था. आरोप था कि उसने अधीनस्थ अधिकारियों से तबादले और पोस्टिंग के लिए अवैध रकम मांगी थी.

शिकायत पर CBI ने 4 अगस्त 2005 को दोपहर 2 बजे प्राथमिकी दर्ज की और उसी दिन ट्रैप की कार्रवाई शुरू कर दी. कार्रवाई दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे के बीच पूरी की गई. इसमें अधिकारी को नहीं, बल्कि एक बिचौलिये को कथित रिश्वत लेते पकड़ा गया. बिचौलिये ने कहा था कि वह अधिकारी की ओर से रकम ले रहा था. बाद में उसे माफी दे दी गई.

अदालत की अहम टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि CBI ने शिकायत की सत्यता की औपचारिक प्राथमिकी से पहले ही जांच की थी या नहीं, यह सवाल उठता है. पीठ के अनुसार, कार्रवाई की असाधारण तेजी अपने-आप में गलत नहीं है, लेकिन इससे पैदा होने वाले संदेहों की जांच जरूरी थी.

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि रिश्वत की रकम किसी तीसरे व्यक्ति के हाथ में पहुंच जाना पर्याप्त नहीं है. अभियोजन को विश्वसनीय सबूतों से साबित करना होगा कि बिचौलिया अधिकारी के अधिकार, निर्देश या लाभ के लिए काम कर रहा था और रिश्वत की मांग अधिकारी से ही जुड़ी थी.