नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने हत्या के एक मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से मिली जमानत रद्द कर दी है. अदालत ने कहा कि पिछली सजा और आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड रखने वाले आरोपी को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती.
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने कहा कि त्वरित सुनवाई का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा है. हालांकि, जब आरोपी गंभीर अपराध में शामिल हो, तब अदालत को आरोपी के अधिकारों के साथ समाज, पीड़ित और उसके परिवार के हितों पर भी विचार करना होगा.
यह आदेश मृतक के पिता की अपील पर आया. उन्होंने जनवरी 2026 में हाईकोर्ट द्वारा आरोपी को दी गई जमानत को चुनौती दी थी. हाईकोर्ट ने आरोपी के पांच साल से अधिक समय से जेल में रहने को जमानत देने का आधार माना था.
अपीलकर्ता की ओर से कहा गया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और उस तथ्य पर विचार नहीं किया गया कि उसे पहले हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है. सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, आरोपी ने हाईकोर्ट में दायर जमानत याचिका में दो स्थानों पर कहा था कि मौजूदा मामले के अलावा वह किसी अन्य मामले में शामिल नहीं है.
पीठ ने कहा कि आरोपी ने उस पुराने मामले में हुई सजा छिपाई थी. अदालत ने यह भी दर्ज किया कि मौजूदा अपराध उस समय हुआ, जब आरोपी पुराने हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर था.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अदालतों को त्वरित सुनवाई के अधिकार और सामाजिक हित के बीच संतुलन बनाना होगा. उसने आरोपी को संबंधित अदालत के समक्ष एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया.
