सुप्रीम कोर्ट ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को ‘डिजिटल डकैती’ बताया है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि यह सामान्य जबरन वसूली से अधिक गंभीर अपराध है. कोर्ट ने वीडियो कॉल के जरिए खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई और ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटने की बात कही.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ गौरव कुमार साहा और निधि भंडारी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी. याचिकाकर्ताओं ने अपने खिलाफ 12 राज्यों में दर्ज 35 साइबर अपराध मामलों को एक जगह करने की मांग की है. आरोप है कि उनकी कंपनी के बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम जमा करने और आगे भेजने में हुआ.
याचिकाकर्ताओं के वकील ने कहा कि दोनों खुद धोखाधड़ी के शिकार हैं और उनकी जानकारी के बिना खातों का इस्तेमाल किया गया. कोर्ट ने कहा कि आरोपियों की सुविधा के लिए पीड़ितों को दिल्ली नहीं बुलाया जा सकता. साथ ही, अलग-अलग राज्यों में चल रही जांच को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती.
त्योहारों में फर्जी संदेशों से सावधान
साइबर सुरक्षा कंपनी Arctic Wolf के अनुसार, त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी, डिजिटल भुगतान और यात्रा बुकिंग बढ़ने से ठगी का जोखिम बढ़ सकता है. अपराधी भारी छूट, पार्सल डिलीवरी, बैंक अलर्ट, KYC अपडेट और बिजली बिल के नाम पर फर्जी संदेश भेज सकते हैं.
SMS, WhatsApp या ईमेल से आए अनजान लिंक न खोलें और संदिग्ध ऐप इंस्टॉल न करें. भुगतान या KYC से जुड़े संदेशों की पुष्टि संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही करें.
