सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह को 1994 के IAS अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में दी गई समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है. न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने उन्हें एक महीने के भीतर सक्षम जेल प्राधिकरण के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है.

अदालत ने बिहार सरकार के 10 अप्रैल 2023 के उस संशोधन को भी अमान्य कर दिया, जिसने ड्यूटी पर तैनात लोकसेवक की हत्या के दोषियों की समयपूर्व रिहाई पर लगी रोक हटाई थी. साथ ही, 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन को रिमिशन देने वाला आदेश भी रद्द कर दिया गया.

मामला तत्कालीन गोपालगंज जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की 1994 में मुजफ्फरपुर में भीड़ द्वारा हत्या से जुड़ा है. आनंद मोहन को इस मामले में दोषी ठहराया गया था. निचली अदालत ने 2007 में उन्हें मृत्युदंड दिया था, जिसे पटना हाई कोर्ट ने 2008 में आजीवन कारावास में बदल दिया था.

आगे की प्रक्रिया

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार भविष्य में रिमिशन पर नए सिरे से विचार कर सकती है, लेकिन ऐसी प्रक्रिया आनंद मोहन के आत्मसमर्पण या उन्हें हिरासत में लिए जाने के बाद ही शुरू होगी. यह याचिका जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने दायर की थी.