सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की जरूरी दवाओं की खरीद कीमत और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के बीच बड़े अंतर पर गंभीर चिंता जताई है. अदालत ने कहा कि अगर किसी दवा की कीमत में 10 गुना तक का अंतर है, तो यह पता लगाना जरूरी है कि अतिरिक्त रकम का लाभ किसे मिल रहा है.

मंगलवार को जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ Drugs (Prices Control) Order (DPCO), 2013 के तहत दवाओं की कीमतों के नियमन, जेनेरिक दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन और मेडिकल डिवाइस से जुड़े मामलों की सुनवाई कर रही थी.

2,700 रुपये की सप्लाई, 27,000 रुपये MRP

सुनवाई के दौरान अदालत के सामने एक कैंसर दवा का उदाहरण रखा गया. इसके मुताबिक, दवा खुदरा विक्रेताओं को 2,700 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही थी, जबकि उसकी MRP 27,000 रुपये थी. पीठ ने इस अंतर पर सवाल उठाते हुए इसे मरीजों और करदाताओं पर पड़ने वाला गंभीर आर्थिक बोझ बताया.

जस्टिस संदीप मेहता ने सभी दवाओं पर 16 प्रतिशत मार्जिन रखने की संभावना पर विचार करने को कहा. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अलग-अलग दवाओं के लिए कीमत तय करने के नियमों में इतना बड़ा अंतर क्यों हो.

अदालत ने इस बात पर भी केंद्र का ध्यान आकर्षित किया कि कुछ कॉर्पोरेट अस्पताल मरीजों को अपनी ही फार्मेसी या किसी निर्धारित केमिस्ट से दवा खरीदने के लिए बाध्य करते हैं. पीठ ने पूछा कि अगर मरीज सरकारी योजना के तहत इलाज करा रहा है और खर्च करदाता उठा रहा है, तो सभी के लिए समान नियम क्यों नहीं होने चाहिए.

गैर-अनुसूचित दवाओं की कीमतों पर बहस

सुप्रीम कोर्ट के सामने दायर याचिकाओं में कहा गया है कि जहां अनुसूचित दवाओं की कीमतों पर सीलिंग लागू होती है, वहीं गैर-अनुसूचित दवाओं के मामले में निर्माताओं को MRP तय करने की अधिक स्वतंत्रता है. हालांकि, ऐसी दवाओं की कीमत में सालाना 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की सीमा का प्रावधान बताया गया है.

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि केंद्र को अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करनी होगी. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को तय की है. इससे पहले 22 सितंबर को भी पीठ ने कैंसर की जरूरी दवाओं की ऊंची कीमतों पर चिंता जताई थी.