सुप्रीम कोर्ट ने तलाकशुदा दंपती के दो बेटों की कस्टडी मां के पास रखने का आदेश दिया है. कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट के उस फैसले को पलट दिया, जिसमें बच्चों की कस्टडी पिता को देने का निर्देश बरकरार रखा गया था. अदालत ने कहा कि बच्चे माता-पिता की संपत्ति या खिलौने नहीं हैं और अभिरक्षा तय करते समय उनका कल्याण सबसे महत्वपूर्ण होना चाहिए.
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने कहा कि जब माता-पिता के दावे एक-दूसरे से टकराते हैं, तब केवल कानूनी दृष्टिकोण से फैसला नहीं किया जा सकता. ऐसे मामलों में बच्चों की इच्छा, उनके साथ रहने की अवधि और मानवीय पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी है.
यह मामला दो बेटों की मां की अपील से जुड़ा था. दोनों बच्चे मई 2014 से लगातार मां के साथ रह रहे हैं और अब उनकी उम्र 16 तथा 14 वर्ष है. सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों और दोनों बच्चों से बातचीत की. अदालत के अनुसार, बच्चों ने मां के साथ रहने की अपनी इच्छा स्पष्ट रूप से जताई. बेंच ने यह भी माना कि तलाक के बाद मां ने अकेले उनकी परवरिश की और उनकी पढ़ाई का ध्यान रखा.
पिता को मिलने का अधिकार बरकरार
अदालत ने पिता को बच्चों से मिलने की अनुमति दी है. वे हर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बच्चों से मिल सकेंगे. मुलाकात मां के निवास पर या मदुरै के गांधी म्यूजियम में हो सकती है. पिता को मुलाकात से पहले फोन या WhatsApp संदेश के जरिए मां को जानकारी देनी होगी.
इसके अलावा पिता पोंगल और छमाही छुट्टियों के दौरान भी बच्चों से मिल सकेंगे. कोर्ट ने कहा कि मां के कहने पर पिता बच्चों की आगे की पढ़ाई का खर्च साझा करने के लिए तैयार रहें.
रिकॉर्ड के अनुसार, दंपती की शादी अगस्त 2009 में हुई थी और उनके दोनों बेटों का जन्म जुलाई 2010 तथा मई 2012 में हुआ. दोनों पक्ष 2014 से अलग रह रहे हैं और 2018 में विवाह समाप्त हो गया था.
