सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों को इंटरनेट से पूरी तरह दूर रखने के विचार को अनुपयुक्त बताते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा और इंटरनेट तक पहुंच, दोनों को साथ लेकर चलना जरूरी है. अदालत के अनुसार, इंटरनेट पढ़ाई, जानकारी हासिल करने और विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम है. दूर-दराज के इलाकों के बच्चों और विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए यह सीखने और दूसरों से जुड़ने का अहम जरिया हो सकता है.
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी सामग्री (CSEAM) को सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन सेवाओं से हटाने की व्यवस्था से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी. इसी दौरान बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया पर पूरी रोक लगाने के विकल्प पर चर्चा हुई.
पूरी रोक के बजाय संतुलित सुरक्षा उपाय
अदालत ने कहा कि केवल कानून बनाकर बच्चों को इंटरनेट से रोकने पर वे इसका इस्तेमाल बंद कर देंगे, यह जरूरी नहीं है. वे कम सुरक्षित वेबसाइटों या प्लेटफॉर्म की ओर जा सकते हैं. बेंच ने यह भी चिंता जताई कि रोक के डर से ऑनलाइन धमकी या शोषण का सामना कर रहे बच्चे माता-पिता या भरोसेमंद लोगों को जानकारी देने से बच सकते हैं.
उम्र के आधार पर सभी बच्चों पर एक जैसी पाबंदी लगाने की प्रभावशीलता के पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं. अदालत ने लगातार उम्र सत्यापन के लिए निजी जानकारी जुटाने से निजता और डेटा के गलत इस्तेमाल का जोखिम बढ़ने की बात भी कही.
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट के लिए माता-पिता की सहमति, मार्गदर्शन और निगरानी जैसे उपायों का सुझाव दिया. बच्चों के अकाउंट डिफॉल्ट रूप से निजी रखने, अनजान वयस्कों के संदेश और संपर्क सीमित करने तथा बच्चों को दिखाए जाने वाले विज्ञापनों और कंटेंट पर नियंत्रण की बात कही गई. छोटे बच्चों के लिए अलग ‘चाइल्ड मोड’ बनाने का विकल्प भी सुझाया गया. इन उपायों को लागू करने का तरीका केंद्र सरकार तय करेगी.
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार बच्चों की पहुंच नुकसानदेह सेवाओं या कंटेंट तक सीमित कर सकती है. वयस्क सामग्री वाली वेबसाइटों पर रोक लगाने से सरकार को नहीं रोका गया है.
CSEAM सामग्री के लिए राष्ट्रीय डेटाबेस
कोर्ट ने बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की पहचान और उसे हटाने के लिए राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने का निर्देश दिया. इसमें प्रमाणित सामग्री के डिजिटल हैश और उन वेबसाइटों के लिंक रखे जाएंगे, लेकिन असली फोटो या वीडियो नहीं रखे जाएंगे. सोशल मीडिया कंपनियां अपने प्लेटफॉर्म की सामग्री का इस डेटाबेस से मिलान कर सकेंगी, जिससे हटाई गई सामग्री के दोबारा अपलोड होने पर भी उसकी पहचान हो सके.
डेटाबेस में शामिल हर सामग्री की कई स्तरों पर जांच होगी. कम से कम तीन प्रशिक्षित विशेषज्ञ स्वतंत्र रूप से तय करेंगे कि सामग्री CSEAM से जुड़ी है या नहीं. गलत पहचान से वैध सामग्री हटने की स्थिति से बचने के लिए रिकॉर्ड, स्वतंत्र ऑडिट और शिकायत निवारण की व्यवस्था भी रखनी होगी.
कंपनियों के लिए रिपोर्टिंग की समयसीमा
अदालत ने कहा कि कंपनियों को ऐसा कंटेंट हटाने के साथ संबंधित पुलिस इकाई या साइबर क्राइम पोर्टल को जानकारी देनी होगी. कंपनी की अपनी जांच में स्रोत अज्ञात होने पर हटाई गई सामग्री की रिपोर्ट दो घंटे के भीतर करनी होगी. शिकायत के बाद हटाए गए कंटेंट के मामले में भी शिकायत के निपटारे के दो घंटे के भीतर रिपोर्ट देनी होगी. डेटाबेस से मिलान होने वाली हटाई गई सामग्री की जानकारी संबंधित प्राधिकरण को साप्ताहिक रूप से देनी होगी.
कंपनियों को वेबसाइट और ऐप पर शिकायत अधिकारी की जानकारी स्पष्ट रूप से दिखानी होगी. शिकायत की प्राप्ति 24 घंटे के भीतर बतानी होगी और शिकायतकर्ता को फैसले तथा उसके कारण की जानकारी देनी होगी.
कोर्ट ने केंद्र से नियमों का पालन न करने वाली कंपनियों पर आर्थिक जुर्माने की व्यवस्था पर विचार करने को कहा. पेड और सब्सक्रिप्शन सेवाओं की निगरानी तथा आपत्तिजनक सामग्री से होने वाली कमाई जब्त करने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया.
अदालत ने बच्चों को ऑनलाइन खतरों की पहचान, निजी जानकारी की सुरक्षा और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी देने पर जोर दिया. NCERT और राज्य शैक्षिक संस्थाओं से बाल मनोवैज्ञानिकों, शिक्षकों और अभिभावक विशेषज्ञों की सलाह से शैक्षिक सामग्री तैयार करने को कहा गया है. मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर 2026 को होगी.
