सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बच्चों को इंटरनेट से पूरी तरह दूर रखना उचित समाधान नहीं है. अदालत के अनुसार इंटरनेट का इस्तेमाल हर व्यक्ति, जिसमें हर उम्र के बच्चे भी शामिल हैं, के लिए मौलिक अधिकार से जुड़ा है. बच्चों की सुरक्षा और उनकी स्वतंत्रता को एक-दूसरे के विरोधी के रूप में नहीं देखा जा सकता.

यह टिप्पणी बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री को ऑनलाइन हटाने की व्यवस्था मजबूत करने से संबंधित मामले की सुनवाई के दौरान की गई. अदालत ने कहा कि अनुचित सामग्री की मौजूदगी के कारण बच्चों के लिए इंटरनेट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने से वे कम सुरक्षित वेबसाइटों या प्लेटफॉर्मों पर जा सकते हैं और ऑनलाइन धमकी या शोषण की शिकायत करने से डर सकते हैं.

राष्ट्रीय डेटाबेस में सामग्री की डिजिटल पहचान

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार को बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी प्रमाणित सामग्री का राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने का निर्देश दिया. इसमें वास्तविक फोटो या वीडियो रखने के बजाय उनकी डिजिटल पहचान यानी हैश और उन वेबसाइटों के लिंक शामिल होंगे, जहां ऐसी सामग्री उपलब्ध है. इसे मौजूदा सहयोग पोर्टल पर या अलग व्यवस्था के रूप में बनाया जा सकता है.

किसी सामग्री को डेटाबेस में शामिल करने से पहले कम से कम तीन प्रशिक्षित विशेषज्ञों से स्वतंत्र जांच कराने को कहा गया है. प्रारंभिक जांच में सॉफ्टवेयर की मदद ली जा सकती है. सामग्री की जांच, डेटाबेस तक पहुंच और स्वतंत्र ऑडिट का रिकॉर्ड रखना होगा. गलत तरीके से जोड़ी गई सामग्री को हटाने और उसकी शिकायत करने की व्यवस्था भी बनानी होगी.

प्लेटफॉर्मों के लिए रिपोर्टिंग की समयसीमा

सोशल मीडिया कंपनियों को अपनी जांच में ऐसी सामग्री मिलने पर उसे हटाने के दो घंटे के भीतर विशेष किशोर पुलिस इकाई, स्थानीय पुलिस या साइबर क्राइम पोर्टल को रिपोर्ट करना होगा. शिकायत के आधार पर सामग्री हटाए जाने पर भी रिपोर्टिंग तुरंत करनी होगी और यह प्रक्रिया दो घंटे से अधिक नहीं लेनी चाहिए. डेटाबेस से मिलान के आधार पर हटाई गई सामग्री की जानकारी संबंधित प्राधिकरण को साप्ताहिक रूप से देनी होगी.

कंपनियों को अपनी वेबसाइट और ऐप पर शिकायत अधिकारी की जानकारी स्पष्ट रूप से दिखानी होगी. बाल यौन शोषण से जुड़े मामलों के लिए अलग शिकायत विकल्प देना होगा और हर शिकायत पर 24 घंटे के भीतर प्राप्ति की पुष्टि तथा रेफरेंस नंबर देना होगा.

स्कूलों में डिजिटल सुरक्षा की पढ़ाई

अदालत ने NCERT और SCERT को बाल मनोवैज्ञानिकों, शिक्षकों और अभिभावकों की मदद से उम्र के अनुरूप अध्ययन सामग्री तैयार करने को कहा है. इसमें सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, ऑनलाइन शोषण की पहचान और शिकायत करने की प्रक्रिया जैसे विषय शामिल होंगे.

केंद्र को आईटी कानून और नियमों में आवश्यक बदलाव, कंपनियों पर आर्थिक दंड और अवैध सामग्री से हुई कमाई की वसूली के विकल्पों पर काम करना होगा. सरकार को 10 दिसंबर तक प्रगति रिपोर्ट और हलफनामा दाखिल करना है. मामले की अगली सुनवाई भी 10 दिसंबर को होगी.