सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तीन हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है. इनमें दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय, गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह शामिल हैं.

यह सिफारिश भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने की. कॉलेजियम में जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बीवी नागरत्ना, जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीएस नरसिम्हा भी शामिल हैं. अब इन सिफारिशों पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति की स्थापित प्रक्रिया के तहत आगे कार्रवाई होगी.

देवेंद्र कुमार उपाध्याय का न्यायिक करियर

दिल्ली हाई कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय का जन्म 16 जून 1965 को उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के मुस्कराई गांव में हुआ था. उन्होंने 1991 में लखनऊ विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की और 11 मई 1991 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया.

उन्होंने अपने पिता आरए उपाध्याय के चैंबर से कानूनी करियर की शुरुआत की. बाद में वे वरिष्ठ अधिवक्ताओं मोहम्मद आरिफ खान और एसके कालिया के साथ भी काम करते रहे. लखनऊ बेंच में उनका मुख्य अभ्यास दीवानी और संवैधानिक मामलों में रहा.

मई 2007 में उन्हें उत्तर प्रदेश का चीफ स्टैंडिंग काउंसल नियुक्त किया गया. नवंबर 2011 में वे इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश बने. 28 मार्च 2023 को वे लखनऊ बेंच के वरिष्ठ न्यायाधीश बने. इसके बाद 29 जुलाई 2023 को उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली. जनवरी 2025 में उनका तबादला दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में हुआ और उन्होंने 21 जनवरी 2025 को पद संभाला.