नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सरकार को सार्वजनिक हित में कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त करने का व्यापक अधिकार है. अदालत के अनुसार, यह कदम प्रशासनिक दक्षता बनाए रखने और ऐसे कर्मचारियों को हटाने के लिए उठाया जा सकता है, जिनकी सेवा में निरंतरता जनहित के अनुकूल न मानी जाए.

पीठ ने स्पष्ट किया कि कोई कर्मचारी केवल इस आधार पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति को चुनौती नहीं दे सकता कि समान या तुलनीय सेवा रिकॉर्ड वाले किसी दूसरे कर्मचारी को सेवा में बनाए रखा गया. अदालत ने कहा कि समानता का संवैधानिक सिद्धांत पहले की किसी गलती या चूक को दोहराने का अधिकार नहीं देता.

हालांकि, यह अधिकार असीमित नहीं है. यदि फैसला किसी साक्ष्य के बिना, बिना उचित विचार-विमर्श, स्पष्ट रूप से मनमाना, विकृत या दुर्भावना से प्रेरित हो, तो न्यायिक हस्तक्षेप किया जा सकता है.

यह फैसला छत्तीसगढ़ के दो सरकारी कर्मचारियों की अपील खारिज करते हुए आया. मामले में 14 कर्मचारियों का मूल्यांकन किया गया था, जिनमें पांच को निर्धारित मानक से नीचे पाया गया. जांच में ईमानदारी, दक्षता, शारीरिक क्षमता, प्रतिष्ठा और गोपनीय सेवा रिपोर्ट समेत कई पहलुओं पर विचार किया गया.