सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वयस्क युवक-युवती के बीच आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंधों को केवल रिश्ता टूटने के बाद बलात्कार का मामला नहीं माना जा सकता. अदालत ने शादी का वादा करके संबंध बनाने के आरोप से जुड़े मामले में एक व्यक्ति को आरोपों से मुक्त कर दिया.
जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने कहा कि प्रेम और आपसी सहमति वाले रिश्ते में बने संबंधों को बाद में ब्रेकअप होने पर अपराध नहीं बनाया जा सकता. अदालत ने टिप्पणी की कि हर टूटे रिश्ते को रेप केस में बदलना गलत है.
हालांकि, बेंच ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर शुरुआत से ही शादी का झूठा वादा करके या धोखे से सहमति हासिल की गई हो, तो मामला अलग होगा. ऐसे मामलों में यह जांचना जरूरी है कि सहमति वास्तव में धोखे पर आधारित थी या नहीं.
फैसले में अदालत ने सहमति से बने संबंध और शुरुआत से कथित धोखे के आधार पर बनाए गए संबंधों के बीच अंतर पर जोर दिया.
