सुप्रीम कोर्ट ने CJI सूर्यकांत को निशाना बनाने वाली सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में केरलम कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है. जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने कहा कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता राजनीतिक सुविधा का विषय नहीं हो सकती.
बेंच ने कहा कि संविधान सर्वोच्च है और कोई व्यक्ति या राजनीतिक संगठन उससे ऊपर नहीं है. अदालत के अनुसार फैसलों की आलोचना की जा सकती है, लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का इस्तेमाल न्याय प्रशासन में डर पैदा करने के लिए नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने यह भी कहा कि न्यायिक संयम को संस्थागत कमजोरी नहीं समझना चाहिए.
पोस्ट हटाने और माफी का पक्ष
सुनवाई के दौरान केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पेश वकील ने कहा कि संबंधित सामग्री पदाधिकारियों की मंजूरी के बिना अपलोड की गई थी और बाद में उसे हटा दिया गया. कोर्ट को यह भी बताया गया कि मामले में बिना शर्त माफी मांगी गई है. जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा कि अदालत यह देखेगी कि माफी “कलम से आई है या दिल से.”
12 अक्टूबर को केरलम कांग्रेस के आधिकारिक X अकाउंट से पोस्ट किए जाने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई थी. पार्टी ने कहा था कि पोस्ट के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को पद से हटा दिया गया है. KPCC अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी कहा था कि पोस्ट नेतृत्व की जानकारी, सहमति या सलाह के बिना की गई थी.
अवमानना की प्रकृति पर विचार
सुप्रीम कोर्ट अब यह जांचेगा कि मामले में आपराधिक अवमानना लागू होती है या सिविल अवमानना. अदालत ने वरिष्ठ वकील अरविंद दातार और सिद्धार्थ अग्रवाल को एमिकस क्यूरी नियुक्त करने की बात कही है. अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी से भी सहायता मांगी गई है.
अधिवक्ता विनीत जिंदल की 13 अक्टूबर की शिकायत को 30 अक्टूबर को रिट याचिका के रूप में दर्ज किया गया था. शिकायत में 12 अक्टूबर की शाम सुप्रीम कोर्ट परिसर में कथित राजनीतिक प्रदर्शन और नारेबाजी की अनुमति तथा उससे आवाजाही पर संभावित असर की जांच की मांग भी शामिल है.
