सुप्रीम कोर्ट ने कथित सबवेंशन योजना धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में HDFC Bank, ICICI Bank, Sammaan Capital और PNB Housing Finance को अपने अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन चलाने की बिना शर्त मंजूरी एक सप्ताह के भीतर देने का निर्देश दिया है. अदालत ने कहा कि आदेश का पालन नहीं होने पर संबंधित संस्थानों के चेयरमैन और CMD को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर बताना होगा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची तथा वी. मोहना की पीठ इन मामलों से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी. ये मामले उन सबवेंशन योजनाओं से संबंधित हैं, जिनमें बिल्डर, बैंक और वित्तीय संस्थान शामिल थे और बाद में कई घर खरीदारों को ऋण वसूली की कार्रवाई का सामना करना पड़ा.
सबवेंशन योजना में बैंक स्वीकृत ऋण राशि सीधे बिल्डर के खाते में जारी करते हैं. समझौते के अनुसार फ्लैट का कब्जा मिलने तक बिल्डर को खरीदार की ओर से EMI चुकानी होती है. बिल्डर के भुगतान में चूक करने पर बैंक घर खरीदारों से ऋण की किस्तें या पूरी रकम वसूलने की मांग करने लगते हैं.
CBI की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 19 के तहत अभियोजन मंजूरी हासिल करने में कठिनाई आ रही है. CBI की छठी पूरक स्थिति रिपोर्ट के अनुसार 55 पंजीकृत मामलों में 25 की जांच पूरी हो चुकी है. एजेंसी ने 22 आरोपपत्र दाखिल किए हैं और तीन मामलों में क्लोजर रिपोर्ट दी है.
अदालत ने CBI को बाकी जांच दो सप्ताह में पूरी करने का निर्देश दिया. पीठ ने कहा कि मुकदमों के लिए समयसीमा तय की जाएगी और देरी की रणनीति स्वीकार नहीं की जाएगी. इससे पहले, जुलाई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने NCR में घर खरीदारों को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने वाले बैंक-बिल्डर गठजोड़ के मामलों में CBI को 22 केस दर्ज करने की अनुमति दी थी.
