सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को कई निर्देश दिए हैं. अदालत ने कहा कि पोषण संबंधी चेतावनियों में ‘ऐडेड शुगर’ और ‘ऐडेड फैट’ के बजाय ‘टोटल शुगर’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ को शामिल किया जाए. नमक भी चिंता वाले पोषक तत्वों में बना रहेगा.
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने निर्देश दिया कि हर पोषक तत्व के लिए अलग मानकीकृत हेक्सागन हो. इन हेक्सागन में संबंधित चित्रचिह्न के साथ ‘High Fat’, ‘High Sugar’ और ‘High Salt’ जैसे स्पष्ट चेतावनी शब्द लिखे जाएं. अदालत ने एक ही संयुक्त हेक्सागन के बजाय प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी देने को कहा है.
पीठ ने FSSAI से वसा, शुगर और नमक समेत प्रत्येक पोषक तत्व के लिए तय सीमा यानी थ्रेशोल्ड लेवल की दोबारा समीक्षा और पुनर्गठन करने को भी कहा. इसके अलावा, जिन मीठे पेय पदार्थों में पोषक तत्व निर्धारित सीमा से अधिक नहीं हैं, उनके लेबल चेतावनी वाले उत्पादों के समान या भ्रामक रूप से मिलते-जुलते न हों.
अदालत ने आर्टिफिशियल प्रिजर्वेटिव और अन्य एडिटिव्स पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि नई लेबलिंग व्यवस्था लागू होने के बाद कंपनियां उत्पादों में बदलाव कर चेतावनी से बचने की कोशिश न करें.
FSSAI ने अदालत को बताया था कि वह लेबलिंग व्यवस्था को एक चरण में लागू करने का प्रस्ताव रखता है. सुप्रीम कोर्ट ने नियामक को उसके प्रस्तावित समय-सीमा के भीतर नियम लागू करने और अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा. यह मामला पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य फ्रंट-ऑफ-पैकेज लेबलिंग की मांग से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया.
