नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई करते हुए निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार से एक सप्ताह में जवाब मांगा. याचिकाओं में कुमार के निलंबन और आयोग के कुछ फैसलों को चुनौती दी गई है.

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि निर्वाचन आयोग ने दो अन्य चुनाव आयुक्तों—सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी—की सहमति के बिना कुछ फैसले लिए. मामला मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) और Form 6 में कथित बदलावों से भी जुड़ा है.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि किसी समाचार रिपोर्ट के आधार पर आदेश पारित नहीं किया जा सकता. अदालत निर्वाचन आयोग का आधिकारिक जवाब मिलने के बाद इस पहलू पर विचार करेगी कि क्या संवैधानिक रूप से बहुसदस्यीय आयोग के लिए निर्धारित शक्तियों का इस्तेमाल अकेले किया जा सकता है.

पीठ ने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग के फैसले सर्वसम्मति या बहुमत के आधार पर होने चाहिए. अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि कोई फैसला कानून के अनुरूप नहीं पाया गया, तो उसे रद्द किया जा सकता है. सुनवाई के दौरान पीठ ने संशोधित Form 6 को मंजूरी देने से इनकार करते हुए संबंधित रिकॉर्ड देखने की बात कही.