सुप्रीम कोर्ट में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई प्रस्तावित है. याचिकाओं में निर्वाचन आयोग के कुछ फैसलों, दिशानिर्देशों और सॉफ्टवेयर में किए गए बदलावों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया है कि इन्हें दो अन्य निर्वाचन आयुक्तों की सहमति के बिना आगे बढ़ाया गया.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाला बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इन याचिकाओं पर सुनवाई करेगी. याचिकाएं राकेश कुमार सिंह और अधिवक्ता शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने दायर की हैं.

पटना निवासी राकेश कुमार सिंह की याचिका में अदालत से यह तय करने का अनुरोध किया गया है कि क्या CEC ने ऐसे अधिकारों का व्यक्तिगत रूप से इस्तेमाल किया, जो कानूनन पूरे निर्वाचन आयोग के पास हैं. याचिका में कथित तौर पर बिना पूर्ण आयोग की सहमति लिए गए फैसलों को अनधिकृत घोषित करने और मामले की अंतिम सुनवाई तक कुमार को निलंबित करने की मांग की गई है. याचिकाकर्ता ने इसे निर्वाचन आयोग के बहुसदस्यीय स्वरूप को बनाए रखने के लिए जरूरी बताया है.

एक अन्य याचिका में CEC और अन्य अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई है. इसमें कहा गया है कि आयोग के पूरे गठन की सहमति के बिना लिए गए फैसलों, निर्देशों और सॉफ्टवेयर बदलावों को असंवैधानिक और शुरू से ही अमान्य घोषित किया जाए.

याचिकाओं में मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले Form 6 में कथित बदलाव का भी उल्लेख है. आरोप है कि इसमें वंशावली और पिछले Special Intensive Revision (SIR) से जुड़े विवरण सॉफ्टवेयर के जरिए जोड़े गए, जबकि इसके लिए चुनावी नियमों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन नहीं किया गया.

याचिकाओं में गोवा और पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची संबंधी कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं. गोवा के मामले में 97 पात्र मतदाताओं को बहाल करने के निर्देश के बावजूद सॉफ्टवेयर में कथित रूप से जरूरी सुविधा नहीं होने का दावा किया गया है. पश्चिम बंगाल के संबंध में 16.10 लाख से अधिक अपीलें दायर किए जाने का आरोप है.

निर्वाचन आयोग ने आलोचनाओं के जवाब में कहा है कि किसी संस्थान में अलग-अलग विचार और टिप्पणियां deliberation का सामान्य हिस्सा हैं तथा उसके सभी आदेश कानूनी आधार और स्थापित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप हैं.