सुप्रीम कोर्ट ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) को हरियाणा की एक महिला को ₹12 लाख का मुआवजा देने का निर्देश दिया है. महिला को 1988 में हेल्पर की नौकरी इसलिए नहीं दी गई थी क्योंकि कंपनी ने LPG सिलेंडर उठाने के काम और पुरुषों के साथ विषम समय में काम करने को महिलाओं के लिए अनुपयुक्त बताया था.
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए IOC के तर्क की आलोचना की. पीठ ने कहा कि केवल महिला होने के आधार पर नियुक्ति से इनकार करना महिलाओं के प्रति अनादर है, खासकर तब जब संस्था भारत सरकार का उपक्रम हो.
मामला हरियाणा के करनाल स्थित LPG बॉटलिंग प्लांट से जुड़ा है, जहां 1988 में हेल्पर पद के लिए भर्ती निकली थी. सुमित्रा उन 49 उम्मीदवारों में शामिल थीं जिन्हें प्रारंभिक रूप से सूचीबद्ध किया गया था. उपलब्ध विवरण के अनुसार, वह शैक्षणिक और अन्य आवश्यक योग्यताएं पूरी करती थीं, लेकिन चयनित 43 उम्मीदवारों में उनका नाम नहीं था. बाद में उन्हें बताया गया कि महिला होने के कारण उन्हें नौकरी नहीं दी गई.
IOC ने अदालत में अपने जवाब में कहा था कि काम की प्रकृति, कार्यस्थल का माहौल और पुरुष कर्मचारियों के साथ विषम समय में काम करने की स्थिति को देखते हुए महिला को इस पद के लिए उपयुक्त नहीं माना गया. सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया. पीठ ने टिप्पणी की कि घरों में LPG सिलेंडर उठाने और बदलने का काम महिलाएं भी करती हैं, इसलिए सिर्फ महिला होने के आधार पर उन्हें नियुक्ति से वंचित करना उचित नहीं है.
तीन दशक से अधिक चली कानूनी लड़ाई
सुमित्रा ने सबसे पहले ट्रायल कोर्ट का रुख किया था. 1990 में अदालत ने IOC को उन्हें मजदूर के अलावा किसी अन्य पद पर समायोजित करने का निर्देश दिया. IOC ने इस फैसले को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी. हाई कोर्ट ने अक्टूबर 2025 में ट्रायल कोर्ट का आदेश पलट दिया, जिसके बाद सुमित्रा सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं.
सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि सुमित्रा अब 63 वर्ष की हो चुकी हैं और सेवानिवृत्ति की उम्र से आगे निकल गई हैं. तीन दशक से अधिक समय तक चली मुकदमेबाजी को देखते हुए अदालत ने उन्हें अब नौकरी देने के बजाय एकमुश्त मुआवजा देने का फैसला किया. IOC के वकील ने मध्यस्थता का विकल्प तलाशने की बात कही, लेकिन पीठ ने मामले को लंबित रखने से इनकार कर दिया.
