सुप्रीम कोर्ट ने करीबी रक्त संबंधियों के बीच होने वाले विवाहों को नियंत्रित करने के लिए कानून बनाने की जरूरत पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. अदालत ने कहा कि उसका उद्देश्य सरकार को निर्देश देना नहीं, बल्कि इस संवेदनशील विषय पर विचार करने के लिए जागरूक करना है.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि ऐसे विवाहों को नियंत्रित करना विधायिका के अधिकार क्षेत्र का विषय है. इसलिए अदालत खुद इस प्रथा को विनियमित नहीं कर सकती.

याचिका में करीबी रक्त संबंधियों के विवाह से बच्चों में संभावित आनुवंशिक बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का मुद्दा उठाया गया है. याचिकाकर्ता की ओर से लोगों को इन संभावित जोखिमों के बारे में जानकारी देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया.

सुनवाई के दौरान पाठ्यक्रम में संबंधित जानकारी शामिल करने और विभिन्न माध्यमों से जागरूकता फैलाने की संभावना पर भी जोर दिया गया. अदालत ने केंद्र से यह विचार करने को कहा है कि इस विषय पर उपयुक्त कानून या अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों की जरूरत है या नहीं.