नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट ने लुधियाना में एक महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों की हत्या के मामले में दो दोषियों की दोषसिद्धि बरकरार रखते हुए उनकी सजा में बदलाव किया है. कोर्ट ने दोनों को 25 साल की कठोर कैद सुनाई. इस अवधि में उन्हें किसी वैधानिक माफी या सजा में कमी का लाभ नहीं मिलेगा.
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने कहा कि उम्रकैद का अर्थ दोषी की बाकी प्राकृतिक जिंदगी तक जेल में रहना हो सकता है. हालांकि, सेशंस कोर्ट वैधानिक माफी और सजा कम करने की शक्तियों को खत्म नहीं कर सकता.
सेशंस कोर्ट के अधिकार पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
मामला नवल किशोर और उसके सह-दोषी की आपराधिक अपील से जुड़ा था. दोनों पर दिसंबर 2009 में पंजाब के लुधियाना में पिंकी उर्फ सिमरन, उसकी आठ साल की बेटी दिव्या और पांच साल की बेटी पूजा की हत्या का दोष सिद्ध हुआ था.
सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, ट्रायल कोर्ट भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और धारा 34 के तहत उम्रकैद दे सकता है, लेकिन वह दोषियों को बिना वैधानिक माफी के प्राकृतिक जीवन के अंत तक जेल में रखने वाली विशेष श्रेणी की सजा नहीं दे सकता. ऐसी सजा देने का अधिकार संवैधानिक अदालतों के पास है.
पहले ट्रायल कोर्ट और हाईकोर्ट ने क्या कहा था
ट्रायल कोर्ट ने 2014 में दोनों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और 2,500 रुपये जुर्माने की सजा दी थी. आदेश में उन्हें पूरी जिंदगी जेल में रखने की बात कही गई थी. पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 12 दिसंबर 2022 को दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ उनकी अपील खारिज कर दी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की दोषसिद्धि कायम रखी, लेकिन ट्रायल कोर्ट और हाईकोर्ट के उस हिस्से को रद्द कर दिया जिसमें प्राकृतिक जीवन के अंत तक जेल में रखने का निर्देश था. उसकी जगह 25 साल की कठोर कैद तय की गई है.
