सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पूर्ण शराबबंदी शराब की लत और जहरीली शराब से होने वाली मौतों को खत्म करने का प्रभावी समाधान नहीं है. 18 सितंबर को दिए फैसले में जस्टिस जेबी पारदीवाला की बेंच ने गुजरात में लंबे समय से लागू शराबबंदी का हवाला देते हुए कहा कि इसके बावजूद मेथनॉल मिली शराब से होने वाली घटनाएं नहीं रुकीं.

फैसले के मुताबिक, गुजरात में मेथनॉल युक्त शराब से जुड़े 10 बड़े हादसों में 600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई. कोर्ट ने भावनगर, गुजरात और सागर, मध्य प्रदेश की हालिया घटनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें क्रमशः करीब 13 और 15 लोगों की जान गई थी.

महाराष्ट्र के दो नियम रद्द

सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र पॉइजन्स रूल्स, 1972 के नियम 18A और 18B को असंवैधानिक और मनमाना बताते हुए रद्द कर दिया. इन नियमों के तहत मेथनॉल की खरीद और भंडारण को नियंत्रित किया गया था. गैर-दवा निर्माताओं को मेथनॉल बेचने से पहले उसमें रंग और कड़वा पदार्थ मिलाना भी जरूरी था.

ये नियम 1991 में मुंबई के छाया बार से खरीदी गई नकली शराब पीने से हुई मौतों के बाद बनाए गए थे. उस घटना में 250 लोगों ने शराब पी थी और 93 की मौत हुई थी. बाद में शराब में मेथनॉल पाए जाने की बात सामने आई थी.

कोर्ट ने कहा कि ऐसे नियम उद्योगों पर भारी आर्थिक बोझ डालते हैं, लेकिन मेथनॉल की चोरी, उसकी अवैध आपूर्ति और भ्रष्टाचार जैसी मूल समस्याओं का समाधान नहीं करते.

सरकारों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश

बेंच ने अवैध शराब की मांग और आपूर्ति की कड़ी तोड़ने, अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने और औद्योगिक केमिकल सॉल्वेंट बनाने वाली इकाइयों की जांच मजबूत करने को कहा. कोर्ट ने स्कूल परिसरों और खुले मैदानों में अवैध शराब के भंडारण पर भी चिंता जताई.

फैसले में मेथनॉल को अलग टैंकरों या कंटेनरों में ले जाने की सलाह दी गई, ताकि चोरी या उसमें दूसरे पदार्थ की अदला-बदली की आशंका कम हो सके.