सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पंजाब से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में CBI को संबंधित अधिकारियों और राज्य सरकार से जुड़े लोगों के खिलाफ फिलहाल कोई जबरन कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया. हालांकि अदालत ने FIR पर रोक लगाने या जांच स्थगित करने का आदेश नहीं दिया है.
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने पंजाब सरकार की याचिका पर केंद्र, CBI, प्रवर्तन निदेशालय और अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया. राज्य सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें CBI को भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर दो महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था.
याचिका में आरोपों का संबंध कथित तौर पर सरकारी तबादलों, टेंडर और नीतिगत फैसलों में अनियमितताओं से है. हाई कोर्ट ने मामले से जुड़े दस्तावेज पंजाब पुलिस और राज्य सरकार से CBI को सौंपने का निर्देश भी दिया था.
पंजाब सरकार का तर्क है कि हाई कोर्ट के आदेश में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17A के तहत जरूरी पूर्व मंजूरी से जुड़े प्रावधानों पर पर्याप्त विचार नहीं किया गया. सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद FIR और जांच जारी रह सकती है, लेकिन अगली सुनवाई तक संबंधित पक्षों के खिलाफ coercive steps नहीं उठाए जाएंगे.
