सुप्रीम कोर्ट ने दल-बदल विरोधी कानून में बदलाव की मांग वाली जनहित याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है. अदालत ने लॉ कमीशन तथा कानून और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है. मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने की.

याचिका में कहा गया है कि कई बार सांसद या विधायक अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए स्पीकर के फैसले से पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे देते हैं. याचिकाकर्ता के मुताबिक, ऐसी स्थिति में चुनी हुई सरकारों का बहुमत प्रभावित हो सकता है और सरकार गिरने का रास्ता बन सकता है.

याचिका में मांग की गई है कि सांसदों और विधायकों के इस्तीफे तथा अयोग्यता पर तय समयसीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से फैसला हो. इसमें यह भी कहा गया है कि यदि किसी जनप्रतिनिधि के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई चल रही हो या इसकी आशंका हो, तो इस्तीफा देने से वह प्रक्रिया खत्म नहीं होनी चाहिए.

इस्तीफे की स्वतंत्रता की जांच की मांग

याचिका के अनुसार, स्पीकर को यह जांच करनी चाहिए कि इस्तीफा स्वेच्छा से दिया गया है या दबाव अथवा राजनीतिक लाभ के लिए. इस पर तथ्यों के आधार पर कारण सहित आदेश जारी करने की मांग की गई है.

याचिका में इस्तीफे पर निर्णय से अलग अयोग्यता की याचिका पर सुनवाई पूरी करने का सुझाव भी दिया गया है. इसके अलावा, हंग असेंबली की स्थिति में बहुमत साबित करने के लिए सदन के भीतर फ्लोर टेस्ट अनिवार्य करने की मांग की गई है.