सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले को नोटिस जारी कर पूछा है कि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए. मामला मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को लेकर की गई कथित टिप्पणियों से जुड़ा है. दोनों से अगली सुनवाई से पहले अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है.

यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से दायर आपराधिक अवमानना याचिका पर हुई. सुनवाई के दौरान अदालत ने संस्थाओं पर होने वाले हमलों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. हालांकि, अदालत ने राउत और वागले को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने से छूट दी है. पीठ पहले उनके लिखित जवाब पर विचार करेगी.

विवाद की शुरुआत कैसे हुई

यह विवाद CJI सूर्यकांत की ओर से INDIA ब्लॉक के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मिलने का अनुरोध ठुकराए जाने के बाद शुरू हुआ. रिपोर्ट के अनुसार, CJI ने कहा था कि चुनाव आयोग के कामकाज और SIR से जुड़े मुद्दे याचिका के माध्यम से अदालत में उठाए जा सकते हैं. इसके बाद राउत और वागले ने इस निर्णय की आलोचना की.

12 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने SIR के विरोध में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया और इस मुद्दे से जुड़ी 13 याचिकाएं दायर कीं.

SCBA की याचिका में राउत के उन बयानों का भी उल्लेख है, जिनमें उन्होंने न्यायाधीशों के भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने, मुख्यमंत्रियों की ओर से उनके लिए रात्रिभोज आयोजित किए जाने और राजनीतिक हस्तियों के साथ बैडमिंटन खेलने की तस्वीरों पर सवाल उठाए थे. SCBA ने इन दावों को उपलब्ध तथ्यात्मक रिकॉर्ड के विपरीत बताया है.

याचिका के मुताबिक, वागले ने X पर CJI के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया. SCBA ने यह भी कहा कि संबंधित बैडमिंटन कार्यक्रम की तस्वीरें लंदन की नहीं, बल्कि नवंबर 2025 में दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम की थीं.