सुप्रीम कोर्ट ने UPSC परीक्षाओं में OBC क्रीमी लेयर से जुड़े मामले में केंद्र सरकार की सुधार आवेदन खारिज कर दी है. अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी उम्मीदवार को OBC आरक्षण के दायरे से बाहर करने का आधार केवल उसके माता-पिता का वेतन या आय नहीं हो सकता.
अदालत के अनुसार, क्रीमी लेयर का निर्धारण करते समय माता-पिता की सामाजिक स्थिति और उनके पद की प्रकृति को भी ध्यान में रखना जरूरी है. केंद्र सरकार ने PSU और निजी क्षेत्र की नौकरियों के पदों की सरकारी पदों से समानता तय करने तथा नई व्यवस्था बनाने के लिए दो साल का समय मांगा था. सुप्रीम कोर्ट ने यह मांग स्वीकार नहीं की. हालांकि, फैसले के अनुपालन के लिए केंद्र को अतिरिक्त आठ सप्ताह का समय दिया गया है.
PSU कर्मचारियों के बच्चों से जुड़ा विवाद
यह मामला उन उम्मीदवारों से संबंधित है, जिनके माता-पिता PSU, बैंक या इसी तरह की संस्थाओं में कार्यरत थे. कुछ उम्मीदवारों ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) में आवेदन कर UPSC सिविल सेवा परीक्षा में OBC नॉन-क्रीमी लेयर का लाभ मांगा था. CAT ने सरकार को OBC आरक्षण के आधार पर उन्हें नौकरी देने पर विचार करने का निर्देश दिया था.
केंद्र के 1993 के कार्यालय ज्ञापन में OBC क्रीमी लेयर के निर्धारण से जुड़े नियम बताए गए थे. इसके बाद 14 अक्टूबर 2004 के एक स्पष्टीकरण में PSU और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के वेतन को आय में शामिल करने की बात कही गई. इसी आधार पर कुछ उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया.
सुप्रीम कोर्ट ने 14 मार्च की सुनवाई में कहा था कि एक पत्र मूल नीति में बदलाव नहीं कर सकता. अदालत ने सरकारी और PSU कर्मचारियों के बच्चों के साथ अलग-अलग व्यवहार को समानता के अधिकार के संदर्भ में अनुचित माना था. केंद्र को उम्मीदवारों के दावों पर छह महीने में फिर से विचार करने का निर्देश दिया गया था. जरूरत पड़ने पर नियुक्ति के लिए अलग पद बनाने की संभावना पर भी विचार करने को कहा गया था.
