सुप्रीम कोर्ट ने OBC क्रीमी लेयर से जुड़े मामले में केंद्र सरकार की संशोधन याचिका खारिज कर दी है. अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी उम्मीदवार को OBC आरक्षण के दायरे से बाहर करने का आधार केवल उसके माता-पिता की सैलरी या आय नहीं हो सकता. इसके लिए माता-पिता की सामाजिक स्थिति और उनके पद की प्रकृति पर भी विचार करना होगा.
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) और निजी क्षेत्र की नौकरियों के पदों की सरकारी पदों से समानता तय करने तथा नई व्यवस्था तैयार करने के लिए दो साल का समय मांगा था. अदालत ने यह मांग स्वीकार नहीं की. हालांकि, फैसले का अनुपालन करने के लिए केंद्र को आठ हफ्ते का अतिरिक्त समय दिया गया है.
किस विवाद पर आया फैसला
यह मामला उन उम्मीदवारों से जुड़ा है जिनके माता-पिता PSU, बैंक या इसी तरह के संस्थानों में कार्यरत थे. इन उम्मीदवारों ने सिविल सेवा परीक्षा में OBC नॉन-क्रीमी लेयर का लाभ मांगा था. केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) ने सरकार को OBC आरक्षण के आधार पर उनके दावों पर विचार करने और नौकरी देने का निर्देश दिया था.
विवाद 1993 के सरकारी कार्यालय ज्ञापन और 14 अक्टूबर 2004 के स्पष्टीकरण से जुड़ा था. 1993 के ज्ञापन में क्रीमी लेयर की आय सीमा तय करते समय वेतन और कृषि आय को शामिल नहीं करने की बात कही गई थी. बाद के स्पष्टीकरण में PSU और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के वेतन को आय में शामिल करने की बात कही गई, जिसके आधार पर कुछ उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ नहीं मिला.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने 14 मार्च की सुनवाई में कहा था कि एक स्पष्टीकरण पत्र मूल नीति में बदलाव नहीं कर सकता. अदालत ने सरकारी और PSU कर्मचारियों के बच्चों के साथ अलग-अलग व्यवहार को समानता के अधिकार से जुड़ा मुद्दा माना था. सरकार को छह महीने में दावों पर फिर से विचार करने और जरूरत पड़ने पर नियुक्ति के लिए अलग पद बनाने का निर्देश भी दिया गया था.
