सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि प्राइवेट यूनिवर्सिटीज को केवल मुनाफा कमाने वाले कारोबार की तरह नहीं चलाया जा सकता. अदालत के मुताबिक इन संस्थानों का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े सार्वजनिक लक्ष्यों को पूरा करना होना चाहिए. जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को छह हफ्ते के भीतर यूनिवर्सिटीज के ऑडिटेड खातों समेत कई जानकारियां जमा करने का निर्देश दिया है.

यह आदेश एमिटी यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान दिया गया. मामले में एक छात्रा ने कॉलेज रिकॉर्ड में अपना नाम बदलने की मांग की थी. इसके बाद उसे कथित तौर पर परेशान किए जाने का मामला सामने आया. अगली सुनवाई 19 नवंबर को होगी.

फीस, फंड और कर्मचारियों की जानकारी मांगी

अदालत ने दाखिले के समय और कोर्स के दौरान अलग-अलग मदों में वसूली गई फीस का ब्योरा मांगा है. यूनिवर्सिटीज को अपनी आय, खर्च, सरप्लस फंड, निवेश और उस धन के इस्तेमाल की जानकारी देनी होगी. संस्थान से सीधे जुड़े नहीं होने वाले लोगों को किए गए भुगतानों का भी ऑडिटेड विवरण देना होगा.

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ की भर्ती के लिए जिम्मेदार बोर्ड, कर्मचारियों के वेतन, अन्य भुगतान और सेवा शर्तों की जानकारी जुटानी होगी. केंद्र या राज्य सरकारों से मिली सुविधाओं और लाभों—जैसे जमीन आवंटन और कानूनी छूट—का विवरण भी मांगा गया है. अदालत ने जानकारी छिपाने के खिलाफ चेतावनी देते हुए राज्यों को अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करने को कहा है.

दाखिले और पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी निगरानी

यूनिवर्सिटीज को दाखिले, प्रश्नपत्र तैयार करने और उत्तर पुस्तिकाओं की जांच से जुड़े लोगों का ब्योरा देना होगा. इन प्रक्रियाओं में मैनेजमेंट की भूमिका भी बतानी होगी. पिछले एक साल में प्रोफेसर्स को दिए गए शिक्षण घंटों और वास्तव में ली गई कक्षाओं की जानकारी भी मांगी गई है. अदालत ने कहा कि वह यह जानना चाहती है कि छात्रों को नुकसान से बचाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी या नहीं.

नेशनल मेडिकल कमीशन, बार काउंसिल ऑफ इंडिया, फार्मेसी काउंसिल और अन्य नियामकों से संबद्ध कॉलेजों के निरीक्षण, फैकल्टी-सपोर्ट स्टाफ और मिली कमियों पर कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है.

मामले में जांच समिति की अंतिम रिपोर्ट अगली सुनवाई तक जमा होनी है. छात्रा की वकील की ओर से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की शिकायत के बाद अदालत ने केंद्र सरकार को ऐसे लिंक हटवाने का निर्देश भी दिया है.