सुप्रीम कोर्ट ने दवाओं की ऊंची कीमतों और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) तथा रिटेलर को मिलने वाली कीमत (PTR) के बीच बड़े अंतर पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि दवाओं का मामला केवल कारोबार या आर्थिक नीति का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन से जुड़ा मुद्दा है. पीठ ने दो याचिकाओं पर सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया.
सुनवाई के दौरान केंद्र ने बताया कि 137 कैंसर रोधी दवाओं पर व्यापार मार्जिन को MRP के 30% तक सीमित करने का फैसला किया गया है. सरकार के अनुसार, इससे मरीजों को हर साल करीब 2,500 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है. पीठ ने हालांकि सवाल उठाया कि यह कदम अदालत की दखल के बाद ही क्यों उठाया गया और सभी दवाओं को मूल्य-नियंत्रण के दायरे में लाने से सरकार को कौन रोक रहा है.
पीठ ने यह भी पूछा कि कुछ दवाओं को ‘शेड्यूल्ड ड्रग्स’ की श्रेणी से बाहर रखने का तर्क क्या है, क्योंकि ऐसी दवाएं Drug Price Control Order (DPCO) के दायरे में नहीं आतीं. अदालत ने कहा कि मरीजों के पास दवाओं की कीमत पर बातचीत की कोई वास्तविक ताकत नहीं होती और उन्हें ऊंची कीमतों का बोझ उठाना पड़ता है.
सुनवाई में पीठ ने एक मामले का उल्लेख किया, जिसमें एक वितरक ने कैंसर की दवा निर्माता से सीधे 1,100 रुपये में उपलब्ध कराने की पेशकश की थी, जबकि एक निजी अस्पताल ने उसी दवा के लिए 1.30 लाख रुपये वसूले. अदालत ने दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की ऊंची कीमतों के ऐसे कई उदाहरण होने की बात कही.
केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि सरकार अत्यधिक व्यापार मार्जिन का समर्थन नहीं करती, लेकिन निवेश और प्रतिस्पर्धा को भी ध्यान में रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारत में दवाओं की कीमतें वैश्विक स्तर पर सबसे कम में शामिल हैं और क्षेत्र पूरी तरह अनियंत्रित नहीं है.
सरकार ने प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्रों के जरिए जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराने और गैर-शेड्यूल्ड दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करने की जानकारी भी दी. अदालत ने केंद्र के हलफनामे में दवा मूल्य-निर्धारण पर तीन संसदीय समितियों की रिपोर्ट का उल्लेख न होने पर आपत्ति जताई.
