सुप्रीम कोर्ट ने दवाओं की वास्तविक लागत, रिटेलर को मिलने वाली कीमत और पैकेट पर छपी अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) के बीच बड़े अंतर पर केंद्र सरकार से सवाल किए हैं. जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने पूछा कि दवाओं की कीमत तय करने वाली व्यवस्था दवा कंपनियों के पक्ष में क्यों काम कर रही है.
सुनवाई के दौरान अदालत के सामने यह स्थिति रखी गई कि कुछ दवाओं की कीमत 10 से 20 रुपये के बीच होती है, जबकि रिटेलर को वही दवा करीब 30 रुपये में मिलती है और पैकेट पर MRP 150 से 200 रुपये तक छपी होती है. अदालत ने कहा कि अस्पतालों के खर्च का हवाला देकर मरीजों से लागत से 100 या 200 गुना अधिक कीमत वसूलने को उचित नहीं ठहराया जा सकता.
पीठ ने National Pharmaceutical Pricing Authority (NPPA) की भूमिका पर भी सवाल उठाया और पूछा कि दवाओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं है. अदालत ने यह भी कहा कि सरकार की नजर के सामने ऐसी स्थिति बनी हुई है और इसे इस तरह जारी रहने दिया जाना चाहिए या नहीं, इस पर विचार जरूरी है. दोनों मामलों में सुनवाई पूरी होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया.
कैंसर की दवाओं के मार्जिन पर भी हुई सुनवाई
12 अक्टूबर की सुनवाई में अदालत ने एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन को MRP के 30% तक सीमित करने के केंद्र के जवाब को केवल आंशिक रूप से संतोषजनक माना था. अदालत ने पूछा था कि अन्य दवाओं के ट्रेड मार्जिन की सीमा तय करने पर भी सरकार विचार क्यों नहीं कर सकती. केंद्र ने बताया था कि एंटी-कैंसर दवाओं के मार्जिन पर लिए गए फैसले से मरीजों को सालाना करीब 2,500 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है.
29 सितंबर की सुनवाई में अदालत ने 2,700 रुपये की लागत वाली कैंसर दवा पर 27,000 रुपये MRP होने पर भी सवाल उठाया था.
जरूरी दवाओं की कीमत कैसे नियंत्रित होती है
Drug Price Control Order (DPCO), 2013 के तहत National List of Essential Medicines (NLEM) में शामिल दवाओं की अधिकतम कीमत सरकार तय करती है. यह सीमा बाजार में उपलब्ध दवाओं की कीमतों के आधार पर तय की जाती है और इसके ऊपर बिक्री अवैध होती है. NLEM में दवाओं को सुरक्षा, प्रभावशीलता, कीमत और सार्वजनिक स्वास्थ्य जरूरतों के आधार पर शामिल किया जाता है. सूची की समय-समय पर समीक्षा होती है. इसके बाहर की दवाओं पर सरकार का सीधा मूल्य नियंत्रण अपेक्षाकृत कम होता है.
