सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर दिए गए आदेश को वापस लेने की मांग वाली अर्जी पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया. अदालत ने याचिकाकर्ता से भारत के मुख्य न्यायाधीश से संपर्क करने को कहा.
यह अर्जी इस मामले के एक याचिकाकर्ता नमन शेरस्त्रा ने दाखिल की थी. गुरुवार को वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने अधिवक्ता विशाल सिन्हा की सहायता से न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता के समक्ष इसका उल्लेख किया. न्यायमूर्ति दत्ता ने कहा कि सभी अर्जियों और याचिकाओं पर ‘मास्टर ऑफ रोस्टर’ यानी मुख्य न्यायाधीश निर्णय लेंगे और मामले को अलग-अलग हिस्सों में नहीं सुना जाएगा.
अर्जी में 23 सितंबर को न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ द्वारा दिए गए उस आदेश को वापस लेने की मांग की गई है, जिसमें मामले को संविधान पीठ के पास भेजने के प्रश्न पर आगे की प्रक्रिया मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखी गई थी. दोनों न्यायाधीश इस मुद्दे पर अलग-अलग राय पर पहुंचे थे.
न्यायमूर्ति दत्ता का मत था कि कानून को पहले के फैसलों में तय सिद्धांतों के आधार पर परखा जा सकता है और संविधान पीठ को भेजने की आवश्यकता नहीं है. इसके विपरीत, न्यायमूर्ति शर्मा ने कहा था कि मामले में संविधान की व्याख्या से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न उठते हैं. उनके अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 145(3) के तहत ऐसे प्रश्नों की सुनवाई कम-से-कम पांच न्यायाधीशों वाली पीठ को करनी चाहिए. इसके बाद मामला मुख्य न्यायाधीश के समक्ष भेजा गया.
याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि अर्जी केवल न्यायमूर्ति शर्मा के आदेश से संबंधित है. इसमें आरोप लगाया गया कि न्यायमूर्ति शर्मा को मामले की सुनवाई से अलग हो जाना चाहिए था, क्योंकि उनके बेटे चुनाव आयोग की ओर से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में पेश होते हैं. अर्जी के मुताबिक, यह तथ्य सुनवाई के दौरान पक्षकारों को नहीं बताया गया. याचिकाकर्ता ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी 23 सितंबर के आदेश के दो दिन बाद सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स से मिली.
अर्जी में कहा गया है कि इसमें न्यायमूर्ति शर्मा पर वास्तविक पक्षपात, दुर्भावना या सद्भावना की कमी का आरोप नहीं लगाया गया है. इसकी दलील यह है कि परिस्थितियां निष्पक्षता को लेकर एक उचित आशंका पैदा करती हैं. याचिकाकर्ता ने मांग की है कि यदि आपत्ति उचित पाई जाती है तो संविधान पीठ को भेजने के प्रश्न पर मुख्य न्यायाधीश द्वारा गठित उचित पीठ नए सिरे से विचार करे.
अर्जी के अनुसार, इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति दत्ता और न्यायमूर्ति शर्मा की पीठ ने पांच मौकों पर की थी—6 मई, 7 मई, 14 मई, 27 मई और 30 जुलाई. 30 जुलाई को संविधान पीठ को मामला भेजे जाने के प्रश्न पर आदेश सुरक्षित रखा गया था.
इस मामले में यह दूसरी ऐसी पहल है. कांग्रेस नेता जया ठाकुर, जो इसी मामले में याचिकाकर्ताओं में शामिल हैं, ने मंगलवार को एक क्यूरेटिव याचिका दाखिल की थी. उसमें भी न्यायमूर्ति शर्मा के बेटे के चुनाव आयोग से जुड़े होने के आधार पर ‘पक्षपात की उचित संभावना’ का हवाला देते हुए आदेश वापस लेने की मांग की गई है.
