सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों में अनिवार्य रोटेशन लागू करने की मांग वाली याचिका पर दखल देने से इनकार कर दिया. सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह इस मुद्दे पर अदालत के बजाय प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता क्यों नहीं अपनाते. उन्होंने हल्के अंदाज में कहा, “आप गलत नंबर डायल कर रहे हैं.”
याचिका उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की 191-कादीपुर विधानसभा सीट के मतदाता जगदीश सिंह ने दायर की थी. याचिकाकर्ता के अनुसार, कादीपुर सीट 1952 में हुए पहले चुनाव से लगातार SC के लिए आरक्षित है. उन्होंने दावा किया कि इससे केवल चार या पांच परिवारों को लाभ मिला है. याचिका में अधिकारियों को विधानसभा सीटों के आरक्षण में रोटेशन लागू करने पर विचार करने का निर्देश देने की मांग की गई थी.
याचिकाकर्ता ने पंचायत और नगर निकाय चुनावों में लागू आरक्षण रोटेशन व्यवस्था का हवाला देते हुए विधानसभा सीटों पर भी ऐसी व्यवस्था लागू करने की मांग की. उनका तर्क था कि मौजूदा व्यवस्था संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 19 का उल्लंघन करती है और मतदाताओं के चुनाव विकल्प सीमित करती है.
कोर्ट ने वोटिंग को जाति तक सीमित मानने से असहमति जताई
CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कहा कि यह मान लेना सही नहीं है कि मतदाता केवल जाति या समुदाय के आधार पर वोट करेंगे. जस्टिस बागची ने कहा कि आरक्षित सीट होने से किसी व्यक्ति का वोट देने का अधिकार प्रभावित नहीं होता. मतदाता उपलब्ध उम्मीदवारों में से अपनी पसंद के व्यक्ति को वोट दे सकते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने का अधिकार किसी एक सीट तक सीमित नहीं है और कोई व्यक्ति दूसरी गैर-आरक्षित सीट से चुनाव लड़ सकता है. बहुदलीय लोकतंत्र में मतदाताओं से राजनीतिक दल और उसकी विचारधारा के आधार पर निर्णय लेने की अपेक्षा की जाती है.
स्थानीय निकायों के प्रावधान अलग
कोर्ट ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 332 SC और ST के लिए विधानसभा सीटों के आरक्षण का प्रावधान करता है, जबकि किन सीटों को आरक्षित किया जाएगा, यह अलग सवाल है. किसी मानदंड से असहमति मात्र से पूरी प्रक्रिया असंवैधानिक नहीं हो जाती. अदालत केवल स्पष्ट मनमानी की जांच कर सकती है.
याचिकाकर्ता ने अनुच्छेद 243D और 243T का भी उल्लेख किया, जिनमें पंचायतों और नगर निकायों में आरक्षण व रोटेशन का प्रावधान है. जस्टिस बागची ने कहा कि स्थानीय निकायों के लिए संवैधानिक व्यवस्था अलग है और अदालत संविधान को दोबारा नहीं लिख सकती. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक आरक्षण से सामाजिक विभाजन बढ़ता है या नहीं, इसका आकलन विधायिका को करना होगा.
