सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति की पहली गिरफ्तारी के कारण नहीं बताए जाने की वजह से उसे गैरकानूनी घोषित किया जाता है, तो पुलिस उसे दोबारा गिरफ्तार करने से पहले मजिस्ट्रेट की मंजूरी लेगी. दोबारा गिरफ्तारी से पहले आरोपी को गिरफ्तारी के कारण लिखित रूप में बताना भी अनिवार्य होगा.

अदालत के अनुसार, पुलिस को मजिस्ट्रेट के सामने आवेदन देकर यह स्पष्ट करना होगा कि पहली गिरफ्तारी के समय कारण क्यों नहीं बताए गए थे. आवेदन पर पहली गिरफ्तारी करने वाले अधिकारी के तत्काल वरिष्ठ अधिकारी की सहमति भी जरूरी होगी. जिस अधिकारी ने पहली गिरफ्तारी में गलती की, वह दोबारा गिरफ्तारी का फैसला नहीं ले सकेगा. मामले की आगे की जांच किसी दूसरे अधिकारी को सौंपनी होगी.

पुलिस अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई

अदालत ने पहली गिरफ्तारी करने वाले अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं. गलती साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी और उसका उल्लेख अधिकारी की सर्विस बुक में भी दर्ज किया जाएगा.

मजिस्ट्रेट तभी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देगा, जब उसे लगे कि पहली बार किसी वास्तविक वजह से आरोपी को गिरफ्तारी के कारण नहीं बताए जा सके थे, बाद में कारण लिखित रूप में दे दिए गए हैं और दोबारा गिरफ्तारी जरूरी है.

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि संविधान का अनुच्छेद 22(1) हर गिरफ्तारी पर लागू होता है, जिसमें विशेष कानूनों के तहत की गई गिरफ्तारियां भी शामिल हैं. आरोपी को यह साबित करने की जरूरत नहीं कि कारण न बताए जाने से उसे नुकसान हुआ. अदालत ने यह भी कहा कि ऐसे उल्लंघन के कारण गिरफ्तारी रद्द होने पर रिहाई को जमानत नहीं माना जाएगा.