सुप्रीम कोर्ट ने अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों के अनिवार्य रोटेशन की मांग वाली याचिका बुधवार को खारिज कर दी. अदालत ने कहा कि आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में रोटेशन की व्यवस्था शुरू करना संसद के विधायी अधिकार क्षेत्र का विषय है, इसे अदालत के आदेश से लागू नहीं किया जा सकता.

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल थे. पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार किया, जिसमें परिसीमन अधिनियम, 2002 की धारा 9(1)(c) को चुनौती खारिज की गई थी. यह प्रावधान SC/ST आबादी का अनुपात अधिक वाले क्षेत्रों में आरक्षित सीटों की पहचान से संबंधित है, लेकिन इसमें सीटों के अनिवार्य आवधिक रोटेशन का प्रावधान नहीं है.

याचिकाकर्ता जगदीश सिंह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की 191-कादीपुर विधानसभा सीट के मतदाता हैं. उनका तर्क था कि यह सीट करीब सात दशक से SC उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है और रोटेशन न होने से मतदाताओं के विकल्प सीमित होते हैं.

सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि रोटेशन की मांग संसद के सामने उठाई जानी चाहिए और याचिकाकर्ता “गलत नंबर डायल” कर रहे हैं. अदालत ने स्पष्ट किया कि संविधान या कानून में रोटेशन जोड़ने के लिए वह उसकी भाषा को फिर से नहीं लिख सकती.