मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) और चुनाव आयोग की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई. अदालत ने मुख्य मामले के याचिकाकर्ता राकेश कुमार सिंह को चुनाव आयोग के जवाब पर हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया है. मामले की अगली सुनवाई अब 17 नवंबर को होगी.
राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं से जुड़ी याचिकाओं में बिहार में SIR के दौरान Form-6 में सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बिना बदलाव किए जाने का आरोप लगाया गया है. सांसद डोला सेन की अलग याचिका पर भी चुनाव आयोग को अतिरिक्त हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है.
चुनाव आयोग ने आरोपों पर क्या कहा
चुनाव आयोग ने अदालत में 248 पन्नों का हलफनामा दाखिल कर आरोपों को खारिज किया. आयोग के अनुसार SIR से जुड़े सभी निर्णय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी की सहमति से लिए गए. हलफनामे पर तीनों के हस्ताक्षर होने की बात भी कही गई है.
आयोग ने कहा कि SIR के Form-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है. उसके अनुसार नियमों के तहत Form-6 में बदलाव का अधिकार केंद्र सरकार के पास है. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि फाइल पर दर्ज सवाल, सुझाव या आपत्तियां अपने-आप में आयोग का अंतिम निर्णय नहीं मानी जा सकतीं.
आयोग के मुताबिक, पुरानी मतदाता सूची से नाम का मिलान न होने पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) संबंधित मतदाता के घर जाकर जरूरी दस्तावेज जुटा सकते हैं और उन्हें ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं. ऐसे मतदाताओं को सामान्य तौर पर कार्यालय में व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बुलाने की जरूरत नहीं होगी; जरूरत पड़ने पर सुनवाई ऑनलाइन भी हो सकती है.
मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने का फैसला सक्षम चुनाव अधिकारी के आदेश के बाद ही होगा. ECINet प्लेटफॉर्म की जांच के लिए IIT मद्रास और IISc बेंगलुरु के विशेषज्ञों की समिति बनाए जाने की जानकारी भी आयोग ने दी है.
