सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से 18 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर कानून बनाने पर विचार करने को कहा है. हालांकि, अदालत के इस निर्देश से अभी कोई नई उम्र-सीमा लागू नहीं हुई है. मामला बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ी एक याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहन भी शामिल थे. पीठ जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस (JRCA) की याचिका पर सुनवाई कर रही थी. याचिका में सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने की मांग की गई है.
गाइडलाइन से आगे वैधानिक व्यवस्था पर जोर
जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़ी शर्तें केवल दिशा-निर्देशों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. उन्होंने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से इंटरमीडियरी नियमों के तहत इसे वैधानिक रूप देने की संभावना पर विचार करने को कहा. अदालत ने यह भी कहा कि प्लेटफॉर्म्स को अपनी व्यवस्था भारतीय कानूनी जरूरतों के अनुसार बनानी होगी.
सुनवाई में IT Act की धारा 79 और Digital Personal Data Protection Act, 2023 का भी उल्लेख हुआ. सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि पहली नजर में यह मुद्दा डेटा संरक्षण कानून के दायरे में आता है. JRCA की ओर से वरिष्ठ वकील एचएस फूलका ने दलील दी कि संबंधित प्रावधान 2027 में लागू होने हैं, इसलिए बच्चों की सुरक्षा के लिए तब तक इंतजार जरूरी नहीं है.
सॉलिसिटर जनरल ने माता-पिता की सहमति पर आधारित व्यवस्था का सुझाव दिया. इसके तहत अनुबंध बच्चे के बजाय माता-पिता और प्लेटफॉर्म के बीच किया जा सकता है.
पीठ ने कहा कि भारत में काम करने वाले विदेशों में पंजीकृत डिजिटल इंटरमीडियरीज को भी भारतीय कानूनों का पालन करना होगा. याचिका में ग्रूमिंग, यौन शोषण, डिजिटल तस्करी, सेक्सटॉर्शन, साइबरबुलिंग, व्यवहार-प्रोफाइलिंग और निजी डेटा के दुरुपयोग जैसे जोखिमों का उल्लेख किया गया है.
