सुप्रीम कोर्ट ने देरी माफी से जुड़े 1987 के एक फैसले के व्यापक इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए सीमाबद्धता कानून के कड़ाई से पालन के संकेत दिए हैं. न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने कहा कि 2025 का एक फैसला इस पुराने दृष्टिकोण के “ताबूत में आखिरी कील” साबित हुआ है.
पीठ ने यह टिप्पणी करवी स्टॉक ब्रोकिंग लिमिटेड और उसके पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सी. पार्थसारथी की अपीलें खारिज करते हुए की. ये अपीलें Securities Appellate Tribunal (SAT) के उन आदेशों के खिलाफ थीं, जिनमें भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) द्वारा लगाए गए दंड को चुनौती देने में हुई देरी को माफ करने से इनकार किया गया था.
1987 के फैसले पर अदालत की टिप्पणी
पीठ ने Collector, Land Acquisition, Anantnag बनाम Mst Katiji मामले में 1987 में दिए गए फैसले का उल्लेख किया. उस फैसले में अपील दाखिल करने में हुई चार दिन की देरी माफ की गई थी और “पर्याप्त न्याय” को तकनीकी आधारों पर प्राथमिकता देने की बात कही गई थी. बाद में इस फैसले को देरी माफी की लगभग हर अर्जी में सहारा लेने वाले सिद्धांत के रूप में इस्तेमाल किया गया.
न्यायमूर्ति दत्ता ने कहा कि 1994 में पूर्व प्रधान न्यायाधीश एमएन वेंकटचलैया की चेतावनी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने यह भी कहा कि न्यायमूर्ति जेबी पार्डीवाला द्वारा 2025 में Shivamma मामले में दिया गया फैसला इस प्रवृत्ति पर निर्णायक रोक का संकेत है.
पीठ के अनुसार, न्याय पाने की जरूरत किसी पक्ष को समयसीमा की अनदेखी करने या वर्षों बाद मुकदमे को फिर से खोलने का लाइसेंस नहीं दे सकती. अदालत ने कहा कि वह देरी माफी से जुड़े सिद्धांतों की जांच अपने पूर्व फैसलों के आधार पर करेगी.
पूरे विलंब की देनी होगी वजह
पीठ ने 2023 के Sheo Raj Singh बनाम Union of India फैसले का भी संदर्भ दिया, जिसमें देरी की शुरुआती माफी और निचली अदालत के देरी माफ करने के निर्णय की अपीलीय समीक्षा के बीच अंतर बताया गया था. अदालत ने कहा कि देरी माफ करना एक बात है, जबकि देरी माफ करने के फैसले की अपील में जांच का मानक अलग होता है.
सितंबर 2025 में Shivamma (Dead) by LRs बनाम Karnataka Housing Board मामले में न्यायमूर्ति पार्डीवाला ने कहा था कि देरी माफी मांगने वाले पक्ष को सीमाबद्धता अवधि शुरू होने से लेकर याचिका या अपील दाखिल होने तक की पूरी अवधि समझानी होगी. केवल निर्धारित समयसीमा खत्म होने के बाद की अवधि का हिसाब देना पर्याप्त नहीं होगा.
इस मामले में कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड की दूसरी अपील दाखिल करने में हुई 3,966 दिनों की देरी को माफ करने वाला कर्नाटक हाईकोर्ट का आदेश रद्द कर दिया गया था. फैसले में कहा गया कि सीमाबद्धता कानून का उद्देश्य मुकदमे को एक बिंदु पर समाप्त करना और सफल पक्ष को अनिश्चितकाल तक कानूनी असुरक्षा से बचाना है.
सरकार और निजी पक्षों के लिए समान मानदंड
पीठ ने सरकारी विभागों और सार्वजनिक संस्थानों को उनके प्रशासनिक या नौकरशाही ढांचे के आधार पर स्वतः अतिरिक्त राहत देने से भी इनकार किया. फरवरी 2025 के State of Odisha बनाम Managing Committee of Namatara Girls High School मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा सरकार की देरी माफी की मांग ठुकराते हुए उसके आचरण को बेहद सुस्त और लापरवाह बताया था.
अदालत ने 1994 के Commissioner of Wealth Tax, Bombay बनाम Amateur Riders Club मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें राजस्व विभाग की 264 दिन की देरी माफ नहीं की गई थी. उस समय अदालत ने कहा था कि एक सीमा के बाद नौकरशाही की उदासीनता के कारण हुई देरी में न्यायालय भी मदद नहीं कर सकता.
पीठ ने स्पष्ट किया कि यही कसौटी SEBI और अन्य सार्वजनिक संस्थाओं पर भी लागू होगी. अदालत ने कहा कि निजी पक्ष, सरकार और सार्वजनिक निकायों के बीच कोई भेद नहीं किया जाएगा तथा सभी को समयसीमा के भीतर अदालत आना होगा.
