नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर 30% ट्रेड मार्जिन सीमा लगाने के केंद्र के प्रस्ताव पर सुनवाई करते हुए पूछा कि ऐसी व्यवस्था का विस्तार अन्य जरूरी दवाओं और मेडिकल उत्पादों तक क्यों नहीं किया जा सकता. जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (PTR) और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के बीच बड़े अंतर पर चिंता जताई.

केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि प्रस्तावित सीमा पेटेंटेड और गैर-पेटेंटेड, दोनों तरह की कैंसर दवाओं पर लागू होगी. स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति उन दवाओं की पहचान करेगी जिन्हें इस दायरे में लाया जाना है. इसके बाद नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) समिति की सिफारिशों की जांच कर मूल्य अधिसूचना जारी करेगी.

अदालत ने मेडिकल उत्पादों की कीमतों पर उठाए सवाल

पीठ ने कहा कि कुछ मामलों में दवाओं पर मार्क-अप 1,000% तक पहुंच गया है. जस्टिस मेहता ने मेडिकल डिवाइस और कंज्यूमेबल्स का उदाहरण देते हुए कहा कि लगभग ₹5,000 की लागत वाला भारत में बना कार्डियक स्टेंट अस्पतालों में ₹25,000 से अधिक में बेचा जा रहा है. उन्होंने ₹11 की MRP वाली सलाइन ड्रिप लाइन के ₹270 में बेचे जाने का भी उल्लेख किया.

अदालत ने यह भी पूछा कि जब परिवहन, कच्चे माल और शोध एवं विकास जैसी लागतें MRP में शामिल होती हैं, तो वास्तविक लागत से कई गुना अधिक कीमत वसूलने का औचित्य क्या है. पीठ ने कहा कि यह मामला केवल कैंसर दवाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए और अन्य दवाओं व मेडिकल डिवाइस को भी Drugs (Prices Control) Order, 2013 के तहत निर्धारित 16% रिटेलर मार्जिन के दायरे में लाने पर विचार होना चाहिए.

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने समान सीमा लागू करने को लेकर सावधानी बरतने की बात कही. उनके अनुसार, कम कीमत वाले उत्पादों पर अपेक्षाकृत अधिक मार्जिन खुदरा विक्रेताओं के लिए जरूरी हो सकता है, वरना ग्रामीण क्षेत्रों में दवाओं की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है.

केंद्र ने 551 पन्नों के हलफनामे में कहा है कि प्रस्ताव से कैंसर दवाओं की MRP में 20% से 70% तक कमी आ सकती है और मरीजों को सालाना लगभग ₹2,500 करोड़ की बचत हो सकती है. वर्ष 2019 में 42 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर 30% ट्रेड-मार्जिन सीमा के बाद 526 ब्रांड की MRP घटने और करीब ₹984 करोड़ की सालाना बचत का केंद्र ने दावा किया.

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को कीमतों पर सीमा लागू करने की प्रक्रिया और तौर-तरीके तय करने के लिए 27 अक्टूबर तक का समय दिया है. मामले की अगली सुनवाई उसी दिन होगी.