सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि किसी कर्मचारी की शैक्षणिक योग्यता अकेले उसे ऐसे पद पर स्थायी नियुक्ति या समायोजन का अधिकार नहीं देती, जिसे सक्षम प्राधिकरण से मंजूरी नहीं मिली हो. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जिस पद पर स्थायी नियुक्ति मांगी जा रही है, उसका स्वीकृत और अस्तित्व में होना भी जरूरी है.
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपारेष कुमार सिंह की पीठ ने व्याख्याता बृज कुमार मिश्रा की अपील खारिज कर दी. पीठ ने झारखंड हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें सिंगल जज के आदेश को रद्द किया गया था. सिंगल जज ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय को मिश्रा के स्थायी समायोजन पर 5 दिसंबर 1987 से विचार करने का निर्देश दिया था.
उपलब्ध अदालती विवरण के अनुसार, मिश्रा की नियुक्ति 22 फरवरी 1986 को गढ़वा के एसजेएसएन कॉलेज में हिंदी व्याख्याता के रूप में हुई थी. यह विभाग में पांचवां पद था. नियुक्ति के समय उनके पास निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता नहीं थी. उन्होंने आवश्यक योग्यता 5 दिसंबर 1987 को हासिल की.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बाद में योग्यता पूरी कर लेना अपने आप में स्थायी नौकरी का आधार नहीं बनता. नियुक्ति या समायोजन के दावे पर विचार करते समय पद की वैध मंजूरी और उसके अस्तित्व की शर्त पूरी होना आवश्यक है.
