सुप्रीम कोर्ट की सात जजों की संविधान पीठ ने राज्यों की ओर से अतिरिक्त बिक्री कर या मौजूदा बिक्री कर के प्रतिशत के आधार पर सरचार्ज लगाने की शक्ति से जुड़े 27 साल पुराने कानूनी संदर्भ को बंद कर दिया. पीठ ने कहा कि यह सवाल अब व्यावहारिक महत्व नहीं रखता और अकादमिक हो चुका है, क्योंकि चुनौती वाले प्रावधानों में बदलाव हो चुका है और 2017 में वस्तु एवं सेवा कर (GST) व्यवस्था लागू हो गई है.

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने सर्वसम्मति से यह निष्कर्ष दिया. पीठ में जस्टिस केवी विश्वनाथन, एसवी भट्टी, जॉयमाल्या बागची, एनवी अंजारिया, अरुण पल्ली और वी. मोहना शामिल थे. जस्टिस विश्वनाथन ने फैसले से सहमति जताते हुए अलग फैसला लिखा.

1974 के फैसले की पुष्टि

अदालत ने कहा कि 1974 में पांच जजों की संविधान पीठ द्वारा एस. कोदार बनाम केरल राज्य मामले में दिया गया फैसला अब भी लागू है. उस फैसले में कहा गया था कि बिक्री कर की देय राशि के प्रतिशत के आधार पर लगाया गया अतिरिक्त कर, बिक्री कर की दर में वृद्धि है. इसे डीलर की आय पर कर नहीं माना गया था.

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यों की विधानसभाओं को ऐसा सरचार्ज लगाने का अधिकार है या नहीं, इसका निर्धारण एस. कोदार मामले में तय कानूनी सिद्धांतों के आधार पर होगा.

यह संदर्भ ओडिशा बिक्री कर अधिनियम, 1947 की धारा 5ए को चुनौती से जुड़ा था. इस प्रावधान के तहत 10 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच वार्षिक कारोबार वाले डीलरों पर 10 प्रतिशत और 1 करोड़ रुपये से अधिक कारोबार पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त कर लगाया गया था. याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया था कि यह बिक्री कर नहीं, बल्कि आय पर कर है, जिसका अधिकार संसद के पास है.

अदालत ने इस मुद्दे पर नए सिरे से विचार नहीं किया और लगभग 27 साल पुराने संदर्भ को समाप्त कर दिया. विस्तृत फैसला बाद में उपलब्ध होने की बात कही गई है.