नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैकेज चेतावनी लेबल लागू करने की प्रक्रिया के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को चार महीने का समय दिया है. कंपनियों को नियम अधिसूचित होने की तारीख से एक साल के भीतर इन लेबलों को अनिवार्य रूप से लागू करना होगा.
न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि लेबल पर अधिक चीनी, अधिक संतृप्त वसा और अधिक नमक की जानकारी स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए. प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग लाल षट्भुज चिह्न होगा. अदालत ने FSSAI के उस सुझाव को स्वीकार नहीं किया, जिसमें तीनों पोषक तत्वों के लिए एक ही षट्भुज रखने की बात कही गई थी.
अदालत के निर्देश के अनुसार, नियम बनने और अधिसूचित होने के बाद खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों को एक वर्ष की अवधि मिलेगी. इस 365 दिन की अवधि को स्वैच्छिक क्रियान्वयन चरण के रूप में रखा गया है. इसके बाद चेतावनी लेबल व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू किया जाना है.
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जानकारी के अधिकार पर जोर
पीठ ने कहा कि संतृप्त वसा, चीनी और नमक की अधिक मात्रा वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर सकता है. अदालत के अनुसार, हानिकारक पदार्थों के संपर्क को नियंत्रित करना, इनके सेवन को हतोत्साहित करना और उपभोक्ताओं को स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह कारोबारी प्रथाओं से बचाना जरूरी है.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि लेबल का फॉन्ट और चिह्न इतने स्पष्ट, प्रमुख और पढ़ने योग्य होने चाहिए कि पैकेज पर आसानी से दिखाई दें. पीठ ने यह भी कहा कि हर दिन की देरी से बिना चेतावनी वाले पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री जारी रहती है, जिससे स्वास्थ्य, भोजन और सूचित चुनाव के अधिकार प्रभावित होते हैं.
