NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है, लेकिन इसके लिए सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने की शर्त जरूरी होगी. उन्होंने महिला आरक्षण को भी परिसीमन प्रक्रिया के साथ प्राथमिकता देने की बात कही.
सुले के अनुसार, करीब छह महीने पहले केंद्र की ओर से हुई एक बैठक में हर राज्य में सीटों की समान वृद्धि का विचार रखा गया था. बैठक में शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी मौजूद थे. सुले ने कहा कि इस प्रस्ताव पर उनकी पार्टी सैद्धांतिक रूप से सकारात्मक थी, लेकिन अंतिम फैसला आधिकारिक विधेयक मिलने और INDIA bloc के सहयोगियों से चर्चा के बाद ही होगा.
उन्होंने यह भी कहा कि बड़े निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं तक सांसदों की पहुंच कठिन हो गई है. अपने बारामती क्षेत्र का उदाहरण देते हुए सुले ने मतदाताओं की संख्या बढ़ने का उल्लेख किया.
NCP के दोनों धड़ों के संभावित विलय और NCP (SP) के NDA में जाने की अटकलों को सुले ने खारिज किया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की ओर से इस मुद्दे पर पूर्ण विराम लगाया जा चुका है.
