सूरजपुर जिले के सलका गांव में शिक्षक के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए. कार्रवाई भटगांव थाना क्षेत्र में की गई.
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात शिक्षक राधेश्याम सिंह (35) अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. रात करीब डेढ़ बजे नकाबपोश आरोपी चैनल गेट का ताला खोलकर घर में दाखिल हुए. आरोप है कि उन्होंने बच्चे के गले पर चाकू रखकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी और नकदी व जेवरात मांगे. इसके बाद अलमारी में रखे करीब 1.50 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 309(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया. सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने जांच के लिए टीम गठित की. जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध Maruti Swift Dzire कार दिखाई दी. पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया. उनके कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद और लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, छह अन्य मोबाइल फोन और Maruti Swift Dzire कार भी जब्त की है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुल्लेश्वर दास, देवकरण दास उर्फ विजय दास, विकास दास, शांतुदास, शारदा चौहान और सोनू कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
