गुजरात के सूरत स्थित संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की रात लगी भीषण आग के मामले में क्राइम ब्रांच ने 33 वर्षीय विनोद पंडित सावले को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने करीब 10 हजार रुपये के बकाया वेतन को लेकर मार्केट में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई. घटना में अलग-अलग दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जल गया. दुकानदारों को 24 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और मानव खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई. पूछताछ में सावले ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट की दुकान नंबर 639 स्थित जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट के रूप में काम शुरू किया था. उसका मासिक वेतन 30 हजार रुपये था. नौकरी छोड़ने के बाद उसे 20 हजार रुपये दिए गए, जबकि करीब 10 हजार रुपये बकाया रह गए थे.
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे आरोपी ने 150 रुपये का पेट्रोल प्लास्टिक की बोतल में खरीदा. वह मार्केट के खाली होने तक इमारत की सीढ़ियों पर बैठा रहा. रात करीब साढ़े 12 बजे उसने दुकान के बाहर रखे कपड़ों के पार्सलों पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगाने के बाद वहां से चला गया.
सूरत के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कर्णराज सिंह वाघेला के अनुसार, आरोपी को बाद में आग से हुए बड़े नुकसान और अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की जानकारी न्यूज चैनलों व सोशल मीडिया से मिली. पुलिस का कहना है कि इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर पत्नी और बच्चे के साथ राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर और फिर अयोध्या जाने की कोशिश की. सूरत लौटने के बाद मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार किया गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
