सरगुजा जिले के दरिमा गांव में सरकारी जमीन को राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी के जरिए निजी नाम पर दर्ज कर बेचने का मामला सामने आया है. तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर अजीत वसंत ने जमीन बेचने वाले, दो खरीदारों और तत्कालीन पटवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं.

जांच के मुताबिक, खसरा नंबर 1322/2 में दर्ज 2.202 हेक्टेयर जमीन को रिकॉर्ड में निजी नाम पर चढ़ाया गया. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस जमीन को नए खसरा नंबर पर दर्ज करने के लिए किसी सक्षम अधिकारी के आदेश या मंजूरी का उल्लेख नहीं मिला. रिकॉर्ड के कैफियत कॉलम में हस्तलिखित खसरा रिकॉर्ड के गायब होने को कारण बताया गया था.

रिकॉर्ड में खसरा नंबर बदलने की जांच

प्रशासन के अनुसार, वर्ष 1968-69 में सिंहदेव योजना के तहत चंदर पिता बजरंग पनिका को दरिमा में खसरा नंबर 1322 की 2.76 एकड़ जमीन का सरकारी पट्टा दिया गया था. वर्ष 2016-17 के खसरा रिकॉर्ड में इसका रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था. बाद में कंप्यूटरीकृत रिकॉर्ड में खसरा नंबर 1322 को 1322/1 और 1322/2 में बांटा गया.

जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि मूल खसरा 1322 का रकबा घटाए बिना 2.202 हेक्टेयर का अलग खसरा 1322/2 बनाया गया और इसे बलिराम पिता रामप्रसाद के नाम दर्ज किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, इस खसरा नंबर का कानूनी आधार नहीं मिला.

18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा ने ऑनलाइन रिकॉर्ड में नामांतरण की एंट्री की. इसके बाद 11 सितंबर 2023 को बलिराम ने जमीन आजाद इराकी और रामाशंकर सिंह को पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए बेच दी.

कलेक्टर ने बलिराम, खरीदारों आजाद इराकी और रामाशंकर सिंह तथा तत्कालीन पटवारी के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर के आदेश दिए हैं. साथ ही रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल कोर्ट में मामला दायर करने और राजस्व रिकॉर्ड की गलत प्रविष्टि हटाने के निर्देश दिए गए हैं.