सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला गांव में 40 वर्षीय अंगद चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी चचेरे भाइयों धर्मेंद्र चौधरी और मुकेश चौधरी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है.

अंगद का शव 3 नवंबर की सुबह उसके घर के बाहर मिला था. उसके सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान थे. पुलिस को घर के भीतर संघर्ष के संकेत और खून के निशान भी मिले. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था.

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर की शाम अंगद पड़ोसी धर्मेंद्र चौधरी के घर शराब पी रहा था. कुछ देर बाद धर्मेंद्र का चचेरा भाई मुकेश भी वहां पहुंच गया. इसी दौरान अंगद ने आरोपियों की बुआ श्याम बाई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. दोनों भाइयों ने उसे ऐसा करने से मना किया और अपने घर चले गए.

पुलिस का कहना है कि घर लौटने के बाद भी अंगद गाली-गलौज करता रहा. इसके बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी पिटाई की और छेनी से सिर व गले पर वार किया. गंभीर रूप से घायल अंगद घर से बाहर निकला और आंगन में गिर गया, जहां उसकी मौत हो गई.

लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है.